मुहर्रम पर चप्पे-चप्पे पर तैनात रही पुलिस
नजीबाबाद/मंडावली। मुहर्रम की 10वीं तारीख पर मुस्लिमों ने अकीदे के साथ त्योहार मनाते हुए हजरत इमाम हुसैन और उनके साथियों की शहादत को याद किया। शासन की गाइड लाइन के अनुपालन में कहीं पर भी ताजिया और अखाड़ा जुलूस नहीं निकाले गए। शिया समाज के लोगों ने सोशल डिस्टेंसिंग के साथ सीमित लोगों के बीच मजलिसें कीं।
मुहर्रम की 10 वीं तारीख पर नगर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में सादगी के साथ मनाया गया। शिया समाज की ओर से जोगीरम्पुरी, नया गांव, मेमन सादात, भनेड़ा, हुसैनपुर, मुंडाखेड़ा आदि क्षेत्रों में चार-पांच लोगों की उपस्थिति में हुए मातमी मजलिसों में कर्बला के शहीदों को याद किया गया। सोगवारों ने सीनाजनी भी की। वहीं, एसपी डॉ. धर्मवीर सिंह, सीओ सिटी लक्ष्मी निवासी मिश्र, एडीएम विनोद कुमार, एसडीएम ब्रिजेश कुमार सिंह, सीओ प्रवीण कुमार सिंह ने क्षेत्र में गश्त कर ताजिया और अखाड़ा जुलूस पर कड़ी निगाह रखी। मंडावली थाना क्षेत्र की ईदगाह सहित आसपास के मुहर्रम आयोजन क्षेत्रों में थानाध्यक्ष संदीप त्यागी के नेतृत्व में भारी पुलिस बल तैनात रहा।