नेशनल हाईवे के गड्ढे बने परेशानी का सबब
नजीबाबाद। बारिश से नेशनल हाईवे पर बने गड्ढे में पानी भर जाने और गड्ढों की बजरी बारिश के कारण निकलकर सड़क पर फैलने से राहगीरों को परेशानी हो रही है।
नगर से नजीबाबाद-हरिद्वार और मेरठ-पौड़ी नेशनल हाईवे होकर गुजरते हैं। तीर्थ नगरी हरिद्वार को जोड़ने वाला नजीबाबाद-हरिद्वार नेशनल हाईवे बेहद खस्ताहाल है। बारिश से फीलिंग गड्ढों की बजरी उखड़कर सड़क पर फैल गई है। मालगोदाम तिराहा, कृष्णा टाकीज तिराहा, पूजा नर्सिंगहोम, अदब सिटी, साहनपुर, राहतपुर के सामने नेशनल हाईवे के गड्ढे बेहद खतरनाक हो गए हैं। मेरठ-पौड़ी मार्ग पर कोटद्वार दिशा से फ्लाईओवर के नजदीक, सरस्वती शिशु मंदिर, आजाद चौक के पास गड्ढे और जलभराव होने से राहगीरों को परेशानी झेलनी पड़ी। गड्ढों से गुजरने के लिए वाहनों को जोखिम उठाना पड़ रहा है। साइकिल सवार विद्यार्थी, ई-रिक्शा और दुपहिया वाहन चालक गड्ढों में फंसकर घायल भी हो रहे हैं। नागरिकों अभिनव, ईनाम अली, नौशाद मंसूरी, जाकिर हुसैन, शुएब, मुकेश शर्मा आदि कहना है कि ठेकेदार द्वारा गड्ढों की फीलिंग में घटिया सामग्री लगाने से गड्ढों की बजरी वर्षा से बह गई। सड़क पर फैली बजरी और गड्ढे हादसों को दावत दे रहे हैं। नागरिकों ने नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया से गड्ढों की फीलिंग कराने की मांग की है।