कसा शिकंजा: कभी कानून से खेलते थे, अब जेल में मोहम्मद गाजी, पूर्व विधायक पर दर्ज हैं 20 मुकदमे
बसपा के शासनकाल में विधायक रहे मोहम्मद गाजी की क्षेत्र में तूती बोलती थी। हनक ऐसी कि कानून से खेलना जैसे उनका शौक बन गया था। अब पूर्व विधायक कानून के शिकंजे में हैं और उनकी मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं।
विस्तार
बसपा शासनकाल में विधायक रहते हुए मोहम्मद गाजी ने कानून की परवाह नहीं की, नियमों से खेलना उसकी आदत में शुमार था। अब कानून के शिकंजे में फंसे गाजी की मुश्किलें और बढ़ना तय है।
पूर्व विधायक शाहनवाज राणा को जेल में सिम पहुंचाने के मामले में फंसे पूर्व विधायक मोहम्मद गाजी को मुजफ्फरनगर पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। अब वह जेल में हैं। मोहम्मद गाजी ने अपने नौकर के बेटे के नाम पर धोखाधड़ी से सिम हासिल किया था, जिसे जेल तक पहुंचाया।
बता दें कि अफजलगढ़ विधानसभा सीट से विधायक रहे मोहम्मद गाजी पर बिजनौर के अलग-अलग थानों में 20 मुकदमे दर्ज हैं। अकेले शेरकोट थाने में ही चार केस हैं। सबसे पहला केस शेरकोट में साल 1994 में मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का दर्ज हुआ था। इसके बाद मुकदमों की संख्या में इजाफा होता चला गया। अफजलगढ़ में भी दो मुकदमे दर्ज हैं।
यह भी पढ़ें: UP: तीसरे फेरे के बाद ही टूट गई शादी, दुल्हन ने दूल्हे के साथ जाने से किया इनकार, बरात को बंधक बनाया
मोहम्मद गाजी ने साल 2002 में बसपा के टिकट पर पहला चुनाव लड़ा मगर भाजपा के इंद्रदेव ने शिकस्त दी। इसके बाद साल 2007 में मोहम्मद गाजी अफजलगढ़ से विधायक चुने गए। यह दौर बसपा सरकार का था, जिसमें मोहम्म्द गाजी को दबंग विधायकों में माना जाता था। इसके बाद साल 2012 में फिर से बसपा के टिकट पर विधायक चुने गए। हालांकि 2017 में हार के बाद राजतीतिक ग्राफ गोता खा गया।
मोहम्मद गाजी का परिवार सहारनपुर के गंगोह का रहने वाला था, साल 1990 के आस पास इनके पिता पूरे परिवार समेत शेरकोट में आकर किराए के मकान में रहने लगे। हालांकि यह साफ नहीं हो पाया कि इनके परिवार को गंगोह क्यों छोड़ना पड़ा। पूरे परिवार ने शुरुआती दौर मुफलिसी में गुजारा। फिर मोहम्मद गाजी ने ट्रांसपोर्ट और ब्रश का कारोबार किया। अब इनकी चारमीनार फर्म हजारों करोड़ का कारोबार करती है।
मुजफ्फरनगर पुलिस ने तलब किया आपराधिक रिकॉर्ड
मुजफ्फरनगर पुलिस पूर्व विधायक मोहम्मद गाजी के आपराधिक रिकार्ड को भी खंगाल रही है। इस क्रम में बिजनौर पुलिस ने गाजी के केस के संबंध में जानकारी मांगी गई है। माना जा रहा है कि मुजफ्फरनगर पुलिस और भी अधिक शिकंजा कसने की तैयारी कर रही है।
पूर्व विधायक मोहम्मद गाजी का आपराधिक रिकार्ड जुटाया गया है। अलग अलग थानों में 20 मुकदमे दर्ज हैं। मुजफ्फरनगर पुलिस से भी आपराधिक रिकार्ड की जानकारी साझा की गई है। -अभिषेक झा, एसपी