संवेदनशील और अतिसंवेदनशील बूथों पर रखें निगाह
नजीबाबाद। एसडीएम और सीओ ने सर्किल के थानों को पंचायत चुनाव को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के प्रति अभी से गंभीरता लाने को कहा। प्रशासनिक अधिकारियों ने संबंधित थानों को संवेदनशील, अति संवेदनशील बूथों की गहनता के साथ जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए।
एसडीएम बृजेश सिंह, सीओ गजेंद्र पाल सिंह ने शुक्रवार को नजीबाबाद, किरतपुर थाना प्रभारियों सहित सर्किल के थानाध्यक्षों की बैठक ली। एसडीएम ने पंचायत चुनाव को देखते हुए थाना क्षेत्रों के संवेदनशील और अति संवेदनशील बूथों की गहनता से जांच-पड़ताल करने, विवादों को निपटाने, विशेष परिस्थिति से बाहर हो चुके बूथों की जानकारी उपलब्ध कराने के थानों को निर्देश दिए। एसडीएम ने अति संवेदनशील मामलों से जुड़े शस्त्र लाइसेंस धारकों के संबंध में भी सूचनाएं उपलब्ध कराने को कहा। बैठक में नजीबाबाद के एसएसआई राजीव चौधरी, थाना किरतपुर प्रभारी जीत सिंह, नांगलसोती थानाध्यक्ष संजय पांचाल, मंडावली थानाध्यक्ष हिमांशु चौहान सहित क्षेत्र की चौकियों के प्रभारी पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।