मंडावली। गांव मुस्सेपुर में मार्ग पर जलभराव से होने से ग्रामीण परेशान हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मार्ग पर जलभराव से निजात दिलाने की मांग की है।
क्षेत्र के गांव मुस्सेपुर में बरातघर के निकट 150 मीटर लंबे मार्ग पर वर्षों से जलभराव की समस्या बनी हुई है। अन्य वैकल्पिक मार्ग नहीं होने से ग्रामीणों को जलभराव से होकर गुजरना पड़ता है। महेंद्र सिंह, अनिल कुमार, सुशील, लाखन सिंह, विनोद, अमर सिंह, हरपाल सिंह, छतरपाल आदि ग्रामीणों का कहना है कि मार्ग पर जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने से गांव का गंदा पानी हरिजन बस्ती के पास मार्ग पर जमा हो रहा है। ग्रामीण कई बार प्रधान और प्रशासनिक अधिकारियों से शिकायत कर चुके है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने मार्ग पर जल निकासी के लिए नाला बनवाने की मांग की।
उधर, मुस्सेपुर के प्रधान दिलीप कुमार का कहना है कि 60 मीटर लंबे नाले का इस्टीमेट बनाकर भेजा गया है। इस्टीमेट पास होते ही नाले का निर्माण कराया जाएगा।