UP: युवक की मौत का मामला, पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज, जलील अहमद समेत चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज
Bijnor News : बिजनौर में युवक की मौत के मामले में चार पुलिसकर्मियों पर गाज गिरी है। वहीं, पुलिस ने जलील अहमद समेत चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
विस्तार
बिजनौर जनपद के कोतवाली देहात में छत से गिरकर संदिग्ध परिस्थितियों में हुई युवक की मौत के मामले में पुलिस ने एक्शन लिया है। पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर चार लोगों के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं, पुलिस अधीक्षक ने दबिश देने गए चारों पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है।
बृहस्पतिवार देर शाम अपनी रिश्तेदारी में कोतवाली देहात आए थाना क्षेत्र धामपुर के ग्राम तीवड़ी निवासी शहजाद की संदिग्ध परिस्थितियों में छत से गिरकर मौत हो गई। इसके बाद गुस्साए लोगों ने पानीपत खटीमा नेशनल हाईवे पर जाम लगा दिया। मौके पर पुलिस बल के साथ पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन भी पहुंचे थे। उनके समझाने पर देर रात्रि जाम खुल गया।
इसके बाद मृतक शहजाद के भांजे नासिर की तहरीर के आधार पर पुलिस ने सलमान, अफसर, समीम, जलील अहमद के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। शमीम अहमद ग्राम प्रधान का पति बताया जा रहा है। शहजाद को पकड़ने कोतवाली देहात पहुंचे धामपुर थाने के चार पुलिसकर्मियों को पुलिस अधीक्षक ने निलंबित कर दिया है।
यह भी पढ़ें: West UP News Live: शुभ मुहूर्त में बहनों ने भाइयों को बांधी राखी, PCSJ में पश्चिमी यूपी के युवाओं का जलवा
वीडियो हो रहा वायरल
क्षेत्र में एक वीडियो जमकर वायरल हो रहा है, जिसमें पुलिसकर्मी भागते हुए दिखाई दे रहे हैं और उनके पीछे ग्रामीण भाग रहे हैं। चलती गाड़ी पर दौड़कर पुलिसकर्मी चढ़ते हुए दिखाई दे रहे हैं, जबकि एक पुलिसकर्मी गाड़ी पर लटका हुआ भी दिखाई दे रहा है।
यह भी पढ़ें: आखिरबार बहन ने मनाया रक्षा बंधन: सड़क पर दौड़ाता रहा बस, रोकने के लिए चिल्लाती रही महिला; अंत में कूदकर दी जान
थाना अध्यक्ष जयवीर सिंह ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज हो गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।