फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Bijnor News ›   angry workers protest against the attack

दिव्यांग सफाई कर्मचारी पर हमले के विरोध में गुस्सा फूटा

Sun, 30 Sep 2018 11:41 PM IST
ब्यूरो, अमर उजाला/ बिजनौर
ब्यूरो, अमर उजाला/ बिजनौर Updated Sun, 30 Sep 2018 11:41 PM IST
विज्ञापन
angry workers protest against the attack
वाल्मीकि समाज को आश्वस्त करते इंचार्ज डीआईजी जे रविंदर। - फोटो : अमर उजाला
बिजनौर के नजीबाबाद के मोहल्ला जाब्तागंज में दिव्यांग सफाई कर्मचारी को दूसरे समुदाय के युवक ने चाकू से वार कर घायल कर दिया। सफाई कर्मी पर हमले से वाल्मीकि समाज में आक्रोश फैल गया। दो समुदायों के बीच का मामला जुड़ा होने से तनाव फैल गया। व्यापारियों ने दुकानों के शटर धड़ाधड़ गिरा दिए।  प्रदर्शनकारियों ने आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर माल गोदाम तिराहे पर जाम लगाकर अपनी नाराजगी का इजहार किया। पुलिस और प्रशासनिक अफसरों के समझाने पर भी प्रदर्शनकारी आरोपी की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। करीब पांच घंटे तक हंगामा होता रहा। बाद में कार्यवाहक डीआईजी के समझाने पर लोगों का गुस्सा शांत हुआ। पुलिस ने आरोपी हमलावर को गिरफ्तार कर लिया।
विज्ञापन



जाब्तागंज निवासी दिव्यांग सफाई कर्मचारी नवीन रविवार की सुबह करीब सवा पांच बजे क्षेत्र में सफाई कर रहा था। आरोप है कि पुलिस चौकी के निकट उस पर दूसरे संप्रदाय के एक युवक ने चाकू से हमला कर दिया। उसकी चीखपुकार सुनकर आसपास के लोग एकत्र हुए तो आरोपी फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल नवीन को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। सफाई कर्मचारी पर हमले की सूचना मिलते ही वाल्मीकि समाज में आक्रोश फैल गया। मोहल्ला मकबरा, जाब्तागंज, रम्पुरा और जलालाबाद के सफाई कर्मचारियों ने घटना के विरोध में सुबह करीब आठ बजे माल गोदाम तिराहे पर पहुंच कर हाईवे पर जाम लगा दिया। प्रदर्शनकारियों को एसडीएम डॉ. पंकज कुमार वर्मा, सीओ अरुण कुमार सिंह, थाना प्रभारी डीएस धामा ने हमलावर को चिह्नित कर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। मगर, वाल्मीकि समाज ने नगर पालिका की चेयरपर्सन सबिया निशात के पति मोअज्जम खां पर घटना को गंभीरता से न लेने और हमलावर की गिरफ्तारी होने तक जाम खोलने से इंकार कर दिया।
विज्ञापन



इस पर एसपी सिटी दिनेश कुमार और एडीएम प्रशासन विनोद कुमार गौड़ भी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से वार्ता कर कार्रवाई के लिए दो घंटे का समय मांगा। इस आश्वासन पर करीब सवा ग्यारह बजे जाम खोल दिया गया। मगर, प्रदर्शनकारी मौके पर ही डटे रहे और पुलिस के आश्वासन पर विश्वास न करते हुए करीब सवा एक बजे दोबारा माल गोदाम पर जाम लगा दिया। इस अफरातफरी के माहौल को देखते हुए बाजार बंद हो गए। मामला बढ़ता देख अफसरों ने आला अधिकारियों को इसकी सूचना दी। कार्यवाहक डीआईजी जे रविंदर भी मुरादाबाद से मौके पर पहुंचे और हमलावर को पकड़ने, घटना के पीछे कारणों का 24 घंटे में खुलासा करने का आश्वासन दिया। इसके बाद ही वाल्मीकि समाज ने करीब सवा दो बजे जाम खोला। प्रदर्शनकारियों में अनूप वाल्मीकि, अरविंद सूद, नरेंद्र पारचा, संजय मेहरा, रामपाल सिन्हा, हरीश, संतलाल, कपिल, नोरतू, चमन, रोहित, जौनी, सुरेश, आदेश, कपिल, पमित, संजय, पारथ, संजू, राजेंद्र सिसौदिया, अजय, माया देवी, सरोज, सुमन, दीना, कुंती, विकास आदि शामिल रहे। उधर, भाजपा नेता राजीव अग्रवाल, आशु अग्रवाल, विक्रांत चौधरी, अंशुल मेहरा, लक्ष्मीकांत शर्मा, बिंदू सराफ, दीपक कुमार, संदीप तायल, शिवम, पंकज कुमार, शुभम सराफ, नकुल अग्रवाल सहित अनेक पार्टी कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए थे।
विज्ञापन
विज्ञापन




बाजार रहे बंद, छाया रहा सन्नाटा
नजीबाबाद। दिव्यांग सफाई कर्मचारी नवीन पर जानलेवा हमला की खबर से नगर में अफवाहों का बाजार गर्म रहा। कुछ लोगों ने घटना के विरोध में तो कुछ ने भय के चलते व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रखे। चौक बाजार, बाजार कल्लू गंज, रेलवे स्टेशन, मछली बाजार सहित नगर के सभी क्षेत्रों में सभी प्रतिष्ठान पूरी तरह बंद रहे। इसके अलावा नगर के बाजार और मुख्य मार्गों पर सन्नाटा छाया रहा। केवल सब्जी मंडी, नर्सिंग होम खुले रहे।  उधर, शाम तक भी अधिकांश बाजार बंद ही रहे। कुछ में आंशिक रूप से दुकानें खुली थी।


हमलावर गिरफ्तार
नजीबाबाद। एसपी सिटी दिनेश कुमार ने सफाई कर्मियों को बताया कि घायल सफाई कर्मी नवीन को बेहतर उपचार के लिए मेरठ भर्ती कराया गया है। उपचार की पूरी व्यवस्था प्रशासन की ओर से की जा रही है। नगर पालिका के ईओ हीरालाल पटेल और एक एसआई घायल के साथ हैं। बताया कि नगरपालिका परिषद के अधिशासी अभियंता हीरालाल पटेल ओर से घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस ने जाब्तागंज निवासी आरोपी सुलेमान को गिरफ्तार कर लिया है।



नगरपालिका स्टाफ एकजुट रहा
नजीबाबाद। दिव्यांग सफाई कर्मचारी के साथ हुए घटना के विरोध नगरपालिका परिषद कार्यालय का पूरा स्टाफ प्रदर्शनकारी सफाई कर्मचारियों के साथ घटनास्थल पर ही मौजूद रहा। सफाई कर्मचारियों ने चेयरपर्सन के प्रदर्शन स्थल पर न आने और उनके पति पर मामले को गंभीरता से न लेने पर नाराजगी व्यक्त की। उधर, वाल्मीकि समाज के उग्र प्रदर्शन को देखते हुए आसपास के थानों की बड़ी संख्या में फोर्स नजीबाबाद में तैनात की गई। नगर के प्रमुख चौराहों पर पुलिस बल तैनात है। सीओ अरुण कुमार सिंह, थाना प्रभारी डीएस धामा ने बताया कि ऐतिहात के तौर पर नगर में पुलिस गश्त जारी रहेगी।



अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक भी पहुंचे नजीबाबाद
दिव्यांग सफाई कर्मचारी पर हमला प्रकरण में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक प्रेम प्रकाश नजीबाबाद का दौरा किया। उन्होंने प्रकरण की जानकारी ली तथा शांति व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में पुलिस को आवश्यक निर्देश दिए। सुरक्षा की दृष्टि से नगर के सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस बल तैनात है। मुरादाबाद तथा आसपास के क्षेत्रों से पुलिस बल नजीबाबाद बुलाया गया है। नगर में पूरी तरह शांति बनी हुई है।
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें हर राज्य और शहर से जुड़ी क्राइम समाचार की
ब्रेकिंग अपडेट।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed