{"_id":"6b066ba9d49689c8e3073bf6","slug":"security-breach-at-navodaya-vidyalaya-class-11-student-scales-boundary-wall-and-escapes-from-hostel-shahdol-news-c-1-1-noi1220-4968947-2026-11-25","type":"story","status":"publish","title_hn":"शहडोल: ब्यौहारी नवोदय विद्यालय की सुरक्षा में सेंध, रात में दीवार फांदकर भागा छात्र, तलाश में जुटी पुलिस","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
शहडोल: ब्यौहारी नवोदय विद्यालय की सुरक्षा में सेंध, रात में दीवार फांदकर भागा छात्र, तलाश में जुटी पुलिस
Wed, 25 Nov 2026 11:43 AM IST
शहडोल ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, शहडोल
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, शहडोल
Published by: शहडोल ब्यूरो
Updated Wed, 25 Nov 2026 11:43 AM IST
सार
ब्यौहारी के पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय में हॉस्टल में रह रहा 11वीं का छात्र रात में बाउंड्री फांदकर बाहर निकल गया। सुबह गायब मिलने पर प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी। CCTV फुटेज में छात्र बाहर जाता दिखा, पुलिस ने तलाश के लिए विशेष टीम बनाई है।
विज्ञापन
स्कूल से भागा छात्र।
विस्तार
ब्यौहारी स्थित पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय मऊ की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। यहां हॉस्टल में रहकर 11वीं कक्षा में पढ़ने वाला एक छात्र रात में स्कूल की बाउंड्री फांदकर बाहर निकल गया। सुबह गणना के दौरान छात्र के गायब मिलने पर विद्यालय प्रबंधन में हड़कंप मच गया। छात्र जयसिंहनगर थाना क्षेत्र का रहने वाला है। विद्यालय परिसर में जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगे होने और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी होने के बावजूद छात्र के इस तरह बाहर निकल जाने से प्रबंधन की निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार रात में छात्रावास में विद्यार्थियों की गणना के दौरान छात्र मौजूद था। इसके बाद वह कब और कैसे परिसर से बाहर निकला, इसकी जानकारी किसी को नहीं हुई। सुबह जब विद्यार्थियों की दोबारा गणना की गई तो छात्र गायब मिला। पहले हॉस्टल और फिर पूरे विद्यालय परिसर में उसकी तलाश की गई लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद प्रबंधन ने वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी और मामला पुलिस तक पहुंचा।
विज्ञापन
ये भी पढ़ें: शहडोल: ग्राहक की मदद के लिए दिए 90 हजार, साइबर शिकायत में फंस गया दुकानदार का बैंक खाता, एसपी से जांच की मांग
विज्ञापन
सूचना मिलते ही ब्यौहारी थाना प्रभारी अभिलाष मिश्रा टीम के साथ मौके पर पहुंचे। प्रबंधन की शिकायत पर पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। विद्यालय परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने पर छात्र रात में बाउंड्री पर चढ़कर दूसरी तरफ छलांग लगाते हुए बाहर जाता दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश के लिए विशेष टीम गठित की है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर टीम अलग-अलग स्तर पर पतासाजी कर रही है।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठ रहे सवाल
नवोदय विद्यालय में विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए कड़े इंतजाम होने का दावा किया जाता है। परिसर में सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं। इसके बावजूद रात में एक छात्र का बाउंड्री फांदकर बाहर निकल जाना सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। छात्र आखिर किन परिस्थितियों में स्कूल छोड़कर गया और इसके पीछे क्या वजह रही, इसका खुलासा उसके मिलने के बाद ही हो सकेगा।
ब्यौहारी थाना प्रभारी अभिलाष मिश्रा ने बताया कि मामले में प्रकरण दर्ज कर विवेचना की जा रही है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर छात्र की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसका पता लगा लिया जाएगा।

