Bijnor: हत्या की दो वारदात, बिजनौर के युवक का पुणे में कत्ल, एक महिला की खेत में पड़ी मिली लाश
बिजनौर के एक युवक का पुणे में कत्ल कर दिया गया। वहीं बिजनौर जनपद के एक गांव में महिला की हत्या कर दी गई। महिला की लाश खेत में पड़ी मिली।
विस्तार
महाराष्ट्र के पुणे में बिजनौर के युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। मृतक युवक पानीपूरी का ठेला लगाता था। वहां की पुलिस ने दो व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया है। घटना की सूचना मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। उधर, बिजनौर जनपद के ककराला गांव में एक महिला की हत्या कर दी गई। महिला के साथ दुष्कर्म होने की आशंका जताई गई है।
थाना क्षेत्र के गांव हुसैनाबाद उर्फ दौलताबाद निवासी गुलशाद (18) पुत्र यामीन पिछले काफी समय से पुणे में पानीपूरी का ठेला लगाकर रोजगार चलाता था। उसके साथ ही थाना क्षेत्र के गांव करौंदा चौधर निवासी मुस्तफा अंसारी पुत्र फहीमुद्दीन अंसारी भी ठेला लगाता है। दोनों ही पुणे की मुनव्वर सोसाइटी बड़गांव में एक कमरे में रहते थे। किसी बात को लेकर दोनों में मनमुटाव हो गया।
आरोप है कि मुस्तफा अंसारी ने अपने साथी साहिल अंसारी पुत्र इकरार निवासी कल्याणपुर थाना नगीना के साथ मिलकर गुलशाद के ऊपर चाकू से हमला कर दिया। गुलशाद ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। जानकारी के अनुसार वहां की पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद गुलशाद का शव पुणे में रह रहे उसके परिजनों को सौंप दिया। परिजन गुलशाद का शव लेकर अंतिम संस्कार के लिए पुणे से दौलताबाद के लिए निकल चुके हैं।
यह भी पढ़ें: यूपी में महिला प्रधान का दर्द: पूरा मामला सुनकर डीएम भी हैरान, इस्तीफे से मचा था हड़कंप, अब हरकत में आई पुलिस
गांव ककराला में महिला की हत्या
खेत से पशुओं के लिए चारा लेने गई महिला की हत्या कर दी गई। उसका शव खेत में पड़ा मिला। दुष्कर्म करने के बाद गला घोंटकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। उधर, शव मिलने से गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
बिजनौर के गांव ककराला निवासी सुनील कुमार हरिद्वार में रहकर प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता है। उसका परिवार गांव में ही रहता है। उसके दो छोटे पुत्र हैं। परिजनों के मुताबिक सुनील की पत्नी कुमकुम (27) मंगलवार सुबह जंगल से पशुओं के लिए चारा लेने गई थी। लेकिन दोपहर तक घर नहीं आने पर परिजनों को चिंता हुई। गांव से लेकर जंगल तक महिला की तलाश की गई तो उसका शव गांव निवासी एक व्यक्ति के गन्ने के खेत में पड़ा मिला। मौके पर गांववासियों की भीड़ जमा हो गई। शव मिलने पर पुलिस को सूचना दी।
वहीं गांववासियों व परिजनों ने शव की हालत देख दुष्कर्म कर हत्या करने की आशंका जताई है। सीओ सुनीता दहिया, थाना प्रभारी निरीक्षक कृष्ण मुरारी दोहरे ने मौका मुआयना कर घटना की जानकारी ली। थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सच्चाई सामने आएगी।