बिजनौर: मकान बेचने पहुंची महिला की चाय पीने से मौत, दो की हालत बिगड़ी
नहटौर के मोहल्ला सराय रजब अली में मंगलवार को चाय पीने के बाद तीन लोगों की हालत बिगड़ गई। इनमें मकान बेचने पहुंची महिला की मौत हो गई, जबकि उसके भाई और भाई के ससुर को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
विस्तार
बिजनौर के नहटौर में मोहल्ला निवासी जायदा (54) पत्नी स्व. साबिर अपने भाई आबिद पुत्र बाबू अंसारी के साथ गाजियाबाद के लोनी में रह रही थी। उसका बेटा नासिर मोहल्ले स्थित मकान में रहता था। जायदा ने अपना मकान मोहल्ले के ही आसिफ पुत्र अशफाक को बेचने का सौदा तय किया था। मंगलवार को वह अपने भाई आबिद और उसके ससुर अशफाक पुत्र मो. अख्तर के साथ मकान पर पहुंची थी।
पड़ोस की दुकान से लाई गई थी चाय
पुलिस के अनुसार, बेटे नासिर ने बताया कि घर पहुंचने पर तीनों ने सुस्ती आने की बात कही। इस पर वह पड़ोस की दुकान से चाय ले आया। चाय पीने के कुछ देर बाद ही तीनों की हालत बिगड़ गई। नासिर ने इसकी सूचना आसिफ को दी। इसके बाद एंबुलेंस की मदद से तीनों को सीएचसी में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने जायदा को मृत घोषित कर दिया, जबकि आबिद (38) और अशफाक (60) को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जायदा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रिपोर्ट आने के बाद होगी कार्रवाई
पुलिस उपाधीक्षक अंजनी कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि महिला की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है। रिपोर्ट आने के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी।