Bijnor: प्यार के दुश्मन बने परिजन, विवाहित जोड़े को बीच चाैराहे पर सरेआम पीटा, इतनी थी दंपती की खता
शादी के पांच माह बाद गांव लाैटे दंपती के परिजन ही उनके दुश्मन बन गए। बिजनाैर के चाैराहे पर ही मारपीट कर दी गई। इसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के बिजनाैर में प्रेम विवाह कर पांच माह बाद गांव लौटे दंपती को युवती के परिजनों ने चौराहे पर सरेआम मारपीट कर घायल कर दिया। आरोप है कि पुलिस ने मामूली धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दो युवकों का शांति भंग में चालान कर इतिश्री कर ली थी। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद पुलिस ने गंभीर धारा बढ़ाते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर चालान कर दिया।
पांच माह पूर्व घर से चला गया था प्रेमी जोड़ा
गांव बेरखेड़ा निवासी सजातीय युवक सहदेव और युवती संजुल पांच माह पूर्व घर से चले गए थे। उस समय मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने युवती को बरामद कर न्यायालय के समक्ष पेश किया था। बालिग होने पर न्यायालय द्वारा इच्छा के अनुसार युवती को जाने की इजाजत दे दी थी।
यह भी पढ़ें: Baghpat: अवैध कब्जा कर पांच मकान बनाए, राजस्व टीम ने जेसीबी से ढहाए, डीएम के आदेश पर हुई कार्रवाई
दीपावली पर पति संग गांव आई थी युवती
इस पर युवक और युवती ने प्रेम विवाह कर उत्तराखंड के काशीपुर में रहना शुरू कर दिया था। युवती संजुल का आरोप है कि दीपावली पर वह अपने पति संग गांव आई थी। इसकी जानकारी उसके परिजनों को होने पर चौराहे पर ही उसे और उसके पति को पीटा।
आरोप है कि पुलिस ने आरोपियों मोहित, मुकेश पुत्रगण वीरेंद्र सिंह, सुमित व ललित पुत्रगण राकेश सिंह, मुकुल पुत्र संजू, दौलत पुत्र नीरज के विरुद्ध मामूली धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। साथ ही दो युवकों का शांति भंग में चालान कर अपने काम की इतिश्री कर ली थी।
बुधवार को इस मारपीट का वीडियो सोशलमीडिया पर प्रसारित हुआ। सीओ सर्वम सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो पर संज्ञान लेने के बाद पुलिस ने एक और धारा की वृद्धि करते हुए आरोपियों के घर दबिश देकर सुमित पुत्र राकेश व एक बाल अपचारी को हिरासत में लिया। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किया जा रहा है।