बिजनौर: हाईवे पर कट की मांग को लेकर भाकियू का हंगामा, सड़क पर धरना शुरू; दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार
बिजनौर के धामपुर में नगीना चौराहे के पास हाईवे पर कट की मांग को लेकर भाकियू कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने धरना शुरू कर दिया। मार्ग पर लंबा जाम लग गया।
विस्तार
बिजनौर के धामपुर में नगीना चौराहे के पास नई बस्ती-नई सराय के सामने हाईवे के डिवाइडर में कट की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने शुक्रवार को हंगामा किया। लोगों ने हाईवे पर दरी बिछाकर धरना शुरू कर दिया। धरने के कारण दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
कट की मांग को लेकर हाईवे पर धरना
स्थानीय लोगों का कहना है कि नई बस्ती और नई सराय के सामने हाईवे के डिवाइडर में कट दिया जाना जरूरी है। इसी मांग को लेकर पिछले तीन दिनों से लोगों में असंतोष बना हुआ था। शुक्रवार को भाकियू कार्यकर्ताओं के साथ बस्ती के लोगों ने हाईवे पर ही धरना शुरू कर दिया।
यह भी पढ़ें: रामपुर तिराहा कांड: 32वीं बरसी पर श्रद्धांजलि, मधु भट्ट बोलीं- उत्तराखंड बन चुका, अब संस्कृति की रक्षा करनी है
लोगों का कहना है कि जिस स्थान पर कट की मांग की जा रही है, उसके आसपास तीन कब्रिस्तान हैं और बस्ती में करीब 20 हजार से अधिक लोगों की आबादी है। कट नहीं होने की स्थिति में लोगों को आने-जाने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ेगी।
दोनों तरफ लगा जाम
हाईवे पर धरना शुरू होने से यातायात प्रभावित हो गया। सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। लोगों को आने-जाने में भारी दिक्कत का सामना करना पड़ा।
पीडब्ल्यूडी की टीम ने समझाने का किया प्रयास
बृहस्पतिवार को लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता एसएच शर्मा टीम के साथ मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने स्थानीय लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं बनी। इसके बाद शुक्रवार को लोगों ने हाईवे पर धरना शुरू कर दिया।
कट नहीं मिलने तक आंदोलन जारी रखने का एलान
धरना दे रहे लोगों का कहना है कि जब तक हाईवे के डिवाइडर में कट नहीं छोड़ा जाएगा, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। लोगों ने मांग पूरी होने तक धरना जारी रखने की बात कही है।