मासूम बच्ची को मार डाला: नाले में फेंकी लाश, डेड बॉडी देख कांपा परिजनों का कलेजा, जल्द होगा वारदात का खुलासा
Bijnor News : बिजनौर में एक मासूम बच्ची की हत्या कर शव को नाले में फेंक दिया गया। पुलिस ने डेड बॉडी को बरामद कर लिया है। वहीं, बेटी की डेड बॉडी को देखकर परिजनों का कलेजा कांप उठा।
विस्तार
बिजनौर के नहटौर में सात साल की बच्ची की हत्या कर शव को नाले में फेंक दिया गया। दरअसल, सोमवार की शाम सात बजे घर के बाहर खेल रही बच्ची अचानक लापता हो गई थी, तलाश करने पर पुलिस की डॉग स्वाक्वायड टीम ने उसका शव बरामद किया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हत्याकांड के खुलासे के लिए एसपी ने पुलिस की चार टीमों का गठन किया है।
नगर मोहल्ला छापेग्रान निवासी तहसीन अहमद की सात वर्षीय पुत्री अलशिफा सोमवार की शाम लगभग सात बजे घर के पास खेलते समय गायब हो गई थी। काफी समय के बाद घर नहीं लौटने पर उसकी तलाश की गई, लेकिन कहीं पता नहीं चल सका। जिसके बाद परिवार वालों ने मंगलवार दोपहर थाने पहुंचकर कार्रवाई की गुहार लगाई। इसके बाद पुलिस खोजबीन में लग गई।
वहीं, मंगलवार शाम को घर से करीब पांच सौ मीटर दूर नहटौर बाईपास के पास से डॉग स्क्वायड की टीम ने नाले से बच्ची का शव बरामद किया। बच्ची के शव पर कीचड़ लगा हुआ था।
गला घोंटकर हत्या की आशंका जताई जा रही है। गले पर निशान भी बना हुआ मिला। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने हत्या कर शव को वहां फेंकने की आशंका जताई है।
उधर, सूचना लगने पर पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन भी मौके पर पहुंचे और जानकारी ली। एसपी ने पुलिस को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और जल्द खुलासे के लिए चार टीमों का गठन किया है। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण राम अर्ज, क्षेत्राधिकारी सर्वम कुमार, एसएसआई कुलजीत सिंह, एसआई राजीव शर्मा, महिला एसआई रीनू पवार आदि मौके पर रहे। बताया गया कि मृतका का पिता तहसीन अहमद मजदूरी कर अपने परिवार का भरण पोषण करता है। तीन बेटियों में मृतका सबसे छोटी थी।
यह भी पढ़ें: लहराया परचम: मेरठ की एथलीट गोल्डन गर्ल पारुल चौधरी को मिला अर्जुन अवाॅर्ड, परिजनों में खुशी का माहौल
पुलिस कई पहलुओं पर जांच कर रही है। मृतका के मोहल्ले की सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला जा रहा है। उधर, हत्यारोपी मोहल्ले का ही रहने वाला है, ऐसा अनुमान पुलिस लगा रही है।
यह भी पढ़ें: UP: मेरठ के 25 परिवारों ने रद्द की मालदीव की यात्रा, कराई लक्षद्वीप की बुकिंग, अशोभनीय टिप्पणी से बढ़ी नाराजगी
एसपी नीरज कुमार जादौन ने बताया कि बच्ची की हत्या की गई है। हत्याकांड के जल्द खुलासे के लिए चार टीमों का गठन किया गया है। जल्द ही खुलासा कर दिया जाएगा।