{"_id":"48-72502","slug":"Bijnor-72502-48","type":"story","status":"publish","title_hn":"वृद्धा की सिर कुचलकर हत्या ","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
वृद्धा की सिर कुचलकर हत्या
Bijnor
Updated Thu, 29 May 2014 05:33 AM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बढ़ापुर। मोहल्ला नौमी में हमलावरों ने घर में अकेली रह रही एक वृद्धा को सिल के पत्थर से सिर कुचलकर मार डाला। फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट की टीम ने मौके से फिंगर प्रिंट लिए। पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। मोहल्ला नौमी निवासी हाफिज जमीलुद्दीन की विधवा रफीका बेगम (82 वर्ष) अपने घर में अकेली रहती थीं। रफीका के पांच पुत्रों में से इस्लामुद्ीन और कयामुद्ीन श्रीनगर (गढ़वाल), खालिद (दिल्ली) और दो पुत्र जाहिद और राकिब (सऊदी अरब) में कार्य करते हैं। चार बेटी ताहिरा, जाहिदा, रेहाना और जुबैदा में से सबसे बड़ी पुत्री ताहिरा की बढ़ापुर में ही शादी हुई है। ताहिरा ही मां रफीका का ध्यान रखती थी। बुधवार को मोहल्ले के लोगों ने फोन कर बेटी ताहिरा को उसकी मां के कमरे से खून बहकर निकलने की सूचना दी। ताहिरा मां के घर पहुंची और खिड़की से झांकने पर उसकी मां कमरे में मृत पड़ी दिखाई दी। ताहिरा के रोने पर पड़ोसियों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। थाना प्रभारी निरीक्षक जगपाल सिंह घटना स्थल पर पहुंचे और उच्चाधिकारियों को घटना बताई। बाद में पुलिस उपाधीक्षक नगीना आरके गौतम और पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) राधेश्याम ने घटना स्थल का निरीक्षण कर पुलिस को आवश्यक निर्देश दिए। थाना पुलिस की सूचना पर फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट की टीम ने घटना स्थल से फिंगर प्रिंट लिए। पुलिस के अनुसार प्रथम जांच में मृतका की मौत घर में मसाला पिसने वाली सिल के पत्थर को मार कर की गई। सिर कुचलने के बाद सिल सिर पर रख कर छोड़ दी। पुलिस के अनुसार हत्या दो दिन पहले की गई है। वृद्धा की पुत्री ताहिरा ने पुलिस को बताया सोमवार को वह अपनी मां से मिलने आई थी और दोपहर का खाना खाकर चली गई थी। मंगलवार को मां से मिलने आई तो बाहर दरवाजे पर ताला लगा देख चली गई। जांच में पुलिस को एक सीढ़ी दीवार के सहारे लगी मिली । पुलिस के अनुसार हमलावर वृद्धा का कत्ल कर सीढ़ी से चढ़कर बड़े रोशनदान के सहारे यहां से निकले हैं। पुलिस ने सीढ़ी के मालिक के बारे में पता लगाने का प्रयास किया, लेकिन शाम तक पता नहीं चला। वारदात की सूचना पर बढ़ापुर पहुंचे वृद्धा के बड़े पुत्र इस्लामुद्दीन ने पुलिस को तहरीर दी। उधर, बढ़ापुर के थाना प्रभारी निरीक्षक ने कहा शीघ्र केस का खुलासा होगा।
विज्ञापन