130 प्रधान पद के लिए 821 प्रत्याशी मैदान में
नजीबाबाद। ब्लॉक नजीबाबाद के निर्वाचन अधिकारी केसी जोशी के नेतृत्व में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में मत पत्र प्रकाशन से संबंधित दस्तावेज तैयार करने का अभियान शुरू किया गया है। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव का प्रचार अभियान चुनाव चिह्न आवंटन के साथ जोर पकड़ गया। 130 प्रधान पद के लिए 821 प्रत्याशी मैदान में हैं।
निर्वाचन अधिकारी केसी जोशी, पीडी एवं प्रभारी बीडीओ विजय प्रकाश श्रीवास्तव, एडीओ पंचायत ऋषि कुमार की देखरेख में प्रत्येक ग्राम पंचायत में प्रधान पद, पंचायत सदस्य प्रत्याशियों के साथ क्षेत्र पंचायत सदस्यों के बैलेट पेपर के लिए दस्तावेज तैयार करने की सूची पर सोमवार को निर्वाचन टीम ने काम किया। ब्लॉक 131 ग्राम पंचायतों में ग्राम पंचायत राहूखेड़ी कौरा से प्रधान पद की प्रत्याशी अबुल वफा एड. की पत्नी रोजीना सालिम का निर्विरोध प्रधान चुना जाना तय हो गया है। जांच के बाद 976 नामांकन पत्र सही पाए गए। 154 प्रत्याशियों ने नाम वापस लिए। क्षेत्र पंचायत सदस्य के लिए 695 नामांकन पत्र सही पाय गए। 57 बीडीसी सदस्यों ने नाम वापस लिए। 09 बीडीसी सदस्यों का निर्विरोध चुने जाना तय हुआ और 629 बीडीसी सदस्यों के बीच निर्वाचन होगा।