भदोही: नहर की पुलिया पर बैठे युवकों पर लाठी-डंडों से हमला, सिर में लगे 15 टांके
भदोही के महराजगंज क्षेत्र के इब्राहिमपुर गांव में नौ अक्तूबर की रात नहर की पुलिया पर बैठे तीन युवकों पर सात लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। विशाल सरोज के सिर में 15 टांके लगे हैं और जिला अस्पताल में उसका उपचार चल रहा है। ग्रामीणों ने एक आरोपी को पकड़ लिया। पुलिस ने दो नामजद और पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विस्तार
महराजगंज क्षेत्र के इब्राहिमपुर गांव में नहर की पुलिया पर बैठे तीन युवकों पर सात लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। घटना में सुजानगंज थाना क्षेत्र के महंकुचा निवासी विशाल सरोज और नंदन गौतम घायल हो गए। विशाल के सिर में गंभीर चोट आई है। उसे 15 टांके लगे हैं और जिला अस्पताल में उसका उपचार चल रहा है। वहीं, ग्रामीणों ने भाग रहे हमलावरों में से एक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
तीन बाइकों से पहुंचे थे सात हमलावर
थानाध्यक्ष तरुण श्रीवास्तव के अनुसार, विशाल की मां नगीना सरोज ने पुलिस को तहरीर दी है। इसमें बताया कि उनका बेटा पेशे से पेंटर है। नौ अक्तूबर को वह इब्राहिमपुर स्थित अपने ननिहाल में रुका था। रात करीब 11 बजे वह इब्राहिमपुर निवासी गोविंद सरोज और नंदन गौतम के साथ पड़ोस के गांव में नाच देखने जा रहा था।
तीनों घर के पास मजीठी मार्ग पर स्थित नहर की पुलिया पर बैठे थे। इसी दौरान तीन बाइकों पर सवार होकर सात लोग वहां पहुंचे। आरोप है कि लाठी-डंडों से लैस हमलावरों ने गाली-गलौज और धमकी देते हुए तीनों युवकों पर हमला कर दिया। मारपीट में विशाल और नंदन घायल हो गए।
दूसरे युवक को मारने आए थे हमलावर
पुलिस के मुताबिक, ग्रामीणों ने भाग रहे हमलावरों में से अभिषेक को पकड़ लिया। वह पूरा गंभीर शाह गांव का निवासी बताया गया है। आरोप है कि हमलावर इब्राहिमपुर निवासी विपिन गौतम के बुलाने पर अभिषेक गौतम को मारने आए थे। हालांकि, पुलिया पर बैठे युवकों की पहचान में गलती होने के कारण उन्होंने उन पर हमला कर दिया।
सात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी
थानाध्यक्ष तरुण श्रीवास्तव ने बताया कि मामले में दो नामजद और पांच अज्ञात लोगों समेत सात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।