निर्माणाधीन भदोही-ज्ञानपुर मार्ग पर बुधवार सुबह घरांव के समीप सड़क धंसने से गेहूं लदा ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। 34 करोड़ 41 लाख रुपये की लागत से बन रही सड़क के धंसने से निर्माण की गुणवत्ता और मानकों पर सवाल उठने लगे हैं। ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की जांच कराने की मांग की है। ज्ञानपुर से भदोही तक करीब 14 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण लगभग छह महीने से चल रहा है। 34 करोड़ 41 लाख रुपये की लागत वाली इस परियोजना का करीब 70 से 80 फीसदी काम पूरा हो चुका है। जल निगम की पाइपलाइन हटाने और बाद में तारकोल की कमी के कारण निर्माण कार्य प्रभावित हुआ। अभी सड़क पर एक-दो लेयर का काम बाकी है। बारिश के कारण फिलहाल काम आगे नहीं बढ़ पा रहा है।
बुधवार सुबह गेहूं लदा ट्रक भदोही की ओर जा रहा था। घरांव के समीप पहुंचते ही अचानक उसका पहिया सड़क में धंस गया, जिससे ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। निर्माण पूरा होने से पहले ही सड़क धंसने पर ग्रामीणों ने गुणवत्ता पर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि निर्माण में मानकों का ध्यान नहीं रखा गया, जिसके कारण सड़क पहले ही धंस गई। अधिशासी अभियंता संदीप सरोज ने बताया कि बारिश के कारण सड़क प्रभावित हो रही है। अभी निर्माण कार्य पूरा नहीं हुआ है। जहां भी कमियां होंगी, उन्हें दुरुस्त कराया जाएगा।