हेलमेट न लगाना पड़ गया भारी: दो बाइक की टक्कर में बुजुर्ग की मौत, दूसरे की हालत गंभीर; बिलख पड़ी पत्नी
सड़क हादसे में दो लोगों के घायल होने की सूचना मिलते ही माैके पर पुलिस भी पहुंच गई। आसपास के लोगों की सहायता से दोनों को स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां एक की माैत हो गई।
विस्तार
सहसेपुर गांव निवासी किरण कुमार मिश्रा उर्फ लल्लू बाइक से औराई चौराहे पर जाने के लिए निकला। वह अपने घर से कुछ दूरी पर गांव के एक संपर्क मार्ग से औराई-मिर्जापुर रोड पर चढ़ रहा था कि उसी समय लीलाधरपुर बभनौटी निवासी दीपक यादव (24) तेज गति से बाइक लेकर मिर्जापुर की ओर जा रहा था।
जैसे ही किरण औराई-मिर्जापुर सड़क पर चढ़ा, उसी समय दीपक भी तेज गति से उनकी बाइक में जा टकराया। जहां दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों में से किसी ने हेलमेट नहीं लगाया था। स्थानीय लोग दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र औराई ले गए, जहां डॉक्टरों ने किरण कुमार को मृत घोषित कर दिया।
दीपक के सिर में गंभीर चोट लगने से वह बेहोश हो गया। परिजन उसे एक निजी अस्पताल लेकर गए। दीपक मिर्जापुर जिले के पुरजागीर में एक गैस एजेंसी पर काम करने के लिए जा रहा था। किरण की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
क्षेत्र के लोग खबर मिलते ही सीएचसी की तरफ दौड़े। उसकी पत्नी मंजू देवी दहाड़े मार कर रोने लगी। माता राम शृंगारी भी बेटे के मौत पर बेहोश हो जा रही थी। कुछ लोगों ने कहा कि अगर दोनों चालक हेलमेट लगाए होते तो जान बच जाती।