ज्ञानपुर। जिले में एक नवंबर से 36 क्रय केंद्रों पर धान की खरीद शुरू होगी। किसानों की सुविधा के लिए इस बार आठ नए केंद्र बढ़ाए गए हैं। हालांकि, अर्नब चक्रवात के कारण शुरुआती पांच से सात दिनों तक केंद्रों पर किसानों के पहुंचने में मुश्किल हो सकती है। अब तक 400 किसानों ने धान बेचने के लिए पंजीकरण कराया है। जिले में पहले 28 क्रय केंद्र बनाए गए थे, जहां 28 हजार 500 मीट्रिक टन धान की खरीद का लक्ष्य निर्धारित है। खरीद शुरू करने को लेकर केंद्र प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। नए आठ केंद्रों में खाद्य विभाग के अभोली, रमईपुर और सुरियावां में एक-एक केंद्र शामिल हैं। वहीं, पीसीएफ के घोसिया, महराजगंज और उगापुर (तहसील औराई), सहकारी संघ गोपीगंज पड़ाव और डी-पैक्स सूर्यभानपुर उपकेंद्र नारेपार में भी केंद्र बनाए गए हैं।
जिला विपणन अधिकारी शिशिर कुमार ने बताया कि किसानों को सामान्य धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 2441 रुपये प्रति क्विंटल और ग्रेड-ए धान का 2461 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। किसान मोबाइल, किसान मित्र ऐप या साइबर कैफे के माध्यम से विभागीय वेबसाइट fcs.up.gov.in पर पंजीकरण करा सकते हैं। उन्होंने बताया कि धान बिक्री का भुगतान किसानों के आधार से लिंक और एनपीसीआई में मैप्ड बैंक खातों में किया जाएगा। धान खरीद में फार्मर आईडी (किसान पहचान पत्र) को प्राथमिकता दी जाएगी। फार्मर आईडी के आधार पर धान बेचने वाले किसानों को विभागीय पोर्टल पर अलग से पंजीकरण कराने की आवश्यकता नहीं होगी।