ज्ञानपुर। विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) के तहत निर्वाचन नामावली से जुड़ी समस्याओं व विसंगतियों को लेकर इंडिया गठबंधन के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी शैलेष कुमार को सौंपा। मांग की कि 2003 व 2025 की मतदाता सूची को प्रत्येक बूथ से मिलान कर राजनीतिक दलों को उपलब्ध कराई जाए और आधार कार्ड या राशन कार्ड को मतदाता सूची में शामिल करने का मानक आधार बनाया जाए। भदोही के सपा विधायक जाहिद बेग ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत विशेष विसंगतियों को दूर करने की आवश्यकता है। इसमें जिन मतदाताओं के नाम सूची से विलोपित किए गए हैं, उनका पुनः सत्यापन कर सही रूप में नाम दर्ज किया जाए ताकि कोई मतदाता मताधिकार से वंचित न हो। कांग्रेस के जिलाध्यक्ष वसीम अंसारी, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के वरिष्ठ नेता इंद्रदेव पाल ने कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र की रीढ़ है। इसमें पारदर्शिता और सटीकता जरूरी है। सपा नेता राजेंद्र कुमार दुबे ने कहा कि हर पात्र नागरिक का नाम सूची में दर्ज होना सच्चे लोकतंत्र की पहचान है। निर्वाचन आयोग से अपेक्षा है कि इंडिया गठबंधन की ओर से दी गई सभी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई की जाए। मौके पर शोभनाथ यादव, राजेंद्र दुबे राजन, धर्मेंद्र मिश्रा पप्पू, दीनानाथ दुबे, राजेश्वर दुबे, मुशीर इकबाल, सुरेश गौतम, हसनैन अंसारी आदि मौजूद रहे।