ज्ञानपुर। वित्तीय वर्ष की समाप्ति से पूर्व मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह की तिथि तय हो गई है। 22 फरवरी को सभी छह ब्लॉकों में 100 से अधिक बेटियों के हाथ पीले कराए जाएंगे। समाज कल्याण विभाग ने बीडीओ और ईओ को पत्र लिखकर सूची मांगी है।
गरीब परिवार की बेटियों की शादी कराने के लिए प्रदेश सरकार की ओर से मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना चलाई जा रही है। सरकार प्रति जोड़े 51 हजार रुपये खर्च करती है। वित्तीय वर्ष 2022-23 में शासन से एक हजार छह जोड़ों की शादी कराने का लक्ष्य समाज कल्याण विभाग को मिला था। शादी-विवाह के सीजन में तीन बार आयोजन कराकर विभाग अब तक करीब छह सौ बेटियों की शादी करा चुका है। अब 22 फरवरी को लग्न को देखते हुए सामूहिक विवाह की तिथि तय की गई है। जिला समाज कल्याण अधिकारी महेंद्र कुमार यादव ने कहा कि फरवरी और मार्च में 399 शादी करानी है। छह ब्लॉकों में अधिक से अधिक शादी कराने के लिए कहा गया है। उम्मीद है कि 100 से 150 बेटियों की शादी हो जाएगी। खंड विकास अधिकारी और अधिशासी अधिकारी पात्रों का चयन करने के लिए कहा गया है। इसके लिए प्रति वैवाहिक जोड़ा 51,000 रुपये भेजा जाएगा। इसमें 35, 000 रुपये कन्या के खाते में दिया जाएगा। 10,000 में कन्या को उपहार सामग्री में एवं 6000 वैवाहिक जोड़े के साथ आए लोगों के भोजन-नाश्ते से लेकर अन्य व्यवस्था पर खर्च किया जाएगा।