ज्ञानपुर। जिले के सभी नौ थानों में शनिवार को थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इसमें राजस्व से जुड़े ज्यादातर मामले आए। कुल 90 से अधिक मामले आए, जिनमें से ढाई दर्जन का समाधान अधिकारियों ने मौके पर ही कर दिया। अन्य के समाधान के लिए संबंधित कर्मियों को जिम्मेदारी दी गई। जिलाधिकारी आर्यका अखौरी व पुलिस अधीक्षक रामबदन सिंह ने सुरियावां थाने में लोगों की समस्याओं का समाधान किया। सुरियायावां में कुल सात मामले राजस्व विभाग से संबंधित आए। चार मामलों का तत्काल समाधान कर दिया गया। सिर्फ तीन मामले को संबंधित राजस्व टीम को दिया गया। थाना क्षेत्र के ग्राम कौड़र निवासी बलिराम ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र दिया कि गांव में एक व्यक्ति द्वारा आवास आवंटन में अतिक्रमण कर लिया गया है। बाउंड्रीवाल भी बनवा लिए हैं । अतिक्रमण हटाए जाने की जिलाधिकारी से गुहार लगाया। इस पर डीएम ने संबंधित लेखपाल को कार्रवाई करने का निर्देश दिए। इस मौके पर तहसीलदार सत्यपाल प्रजापति, थानाध्यक्ष जयप्रकाश यादव आदि मौजूद थे। ऊंज थाने में 13 मामले आए, जिनमें से पांच का समाधान हुआ। इसी तरह गोपी में आठ में से एक, दुर्गागंज में पांच में से एक, चौरी में 12 में से दो, औराई में 22 में से तीन, ज्ञानपुर में आठ में सात, कोइरौना में 13 में चार मामलों का समाधान किया गया। इन सभी थानों में ज्यादातर मामले राजस्व के थे।