लालानगर। नगर के प्राचीन दुर्गा मंदिर में सामाजिक स्वयंसेवी संगठन और ओबीटी की ओर से बृहस्पतिवार को स्वच्छता जागरूकता के तहत डीएम ने लोगों को डस्टबिन बांटा। इस दौरान लोगों से स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने की अपील की गई। स्वच्छ भारत मिशन के तहत नगर में साफ सफाई को बढ़ावा देने के लिए सामाजिक स्यंसेवी संगठन और ओबीटी कंपनी की ओर से स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसके तहत लोगों को साफ-सफाई के प्रति सजग रहने की सलाह दी गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी राजेंद्र प्रसाद ने लोगों को डस्टबिन बांटकर स्वच्छता का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि अपने आस-पास स्वच्छता बनाए रखना हम सब का नैतिक कर्तव्य है। इसके साथ ही गंदगी फैलाने वालों को स्वच्छता के संबंध में जागरूक करना हम सभी का कर्तव्य है। भारत को स्वच्छ राष्ट्र बनाने के लिए एक-एक नागरिकों की भागीदारी आवश्यक है। स्वयंसेवी संगठन के अध्यक्ष मनोज कुमार सेठ और ओबीटी कंपनी के मैनेजर आईबी सिंह ने उक्त जागरूकता कार्यक्रम में सहयोग प्रदान किया। इस दौरान लोगों को प्लास्टिक की थैलियों का बहिष्कार करने की अपील की गई। इस मौके पर सीडीओ हरिशंकर सिंह, पालिका ईओ अवधेश कुमार भारती, आनंद मोदनवाल, संतोष मोदनवाल, सुभाष सेठ, नंदलाल जायसवाल, शिवशंकर, कौशल, अश्वनी अग्रवाल आदि रहे।