जिले में कई दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण भदोही नगर के कई मोहल्लों में जलभराव की समस्या गंभीर हो गई है। आमतौर पर बारिश के कुछ घंटे बाद पानी निकल जाता है, लेकिन लगातार वर्षा से कई मोहल्लों में पानी जमा होने के कारण लोगों को घरों से बाहर निकलने में परेशानी हो रही है। बुधवार को दिनभर धूप-छांव के बाद शाम 3:45 बजे अचानक बादलों से अंधेरा छा गया। इसके बाद शुरू हुई झमाझम बारिश करीब एक घंटे तक जारी रही। नगर में जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त नहीं होने के कारण स्टेशन रोड, पीरखांपुर और बाजार सलाबत खां में सबसे पहले पानी भरता है। यहां सड़कें जलमग्न होने के बाद पानी आसपास के अन्य मोहल्लों में भी जमा होने लगता है।
बारिश के बाद चकमीरा शाह, छेड़ीबीर, बाजार सरदार खां, बंधवा, जल्लापुर, जमुंद, काशीपुर और दरोपुर समेत कई मोहल्लों में जलभराव रहा। तकिया कल्लन शाह स्थित मुख्य मार्ग पर भी पानी जमा हो गया। स्टेशन रोड पर पानी भरने से वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। सबसे अधिक परेशानी बाइक सवारों को हुई।