भदोही। नगर के गल्ला मंडी में सोमवार को खाद्य सुरक्षा व औषधि विभाग और उप्र उद्योग व्यापार मंडल ने संयुक्त रूप से शिविर लगाकर छोटे दुकानदारों और कारोबारियों के पंजीकरण किया। पंजीकरण करने के साथ-साथ मौजूद अधिकारियों ने दुकानदारों को शासन की ओर से संचालित योजनाओं की जानकारी दी। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन अधिकारी मानवेंद्र सिंह ने बताया कि कैंप का उद्देश्य छोटे रेहड़ी, ठेली वालों और पटरी व्यवसायियों को उनके लिए संचालित योजनाओं की जानकारी देना था। साथ ही उनका पंजीकरण कराना था। शिविर में कुल 280 दुकानदारों का पंजीकरण किया गया। यह पंजीकरण पांच वर्ष तक मान्य रहेगा। इसके बाद फिर से नवीनीकरण कराना होगा। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल भदोही जिला अध्यक्ष राधेश्याम गुप्ता ने बताया कि लोग यदि पंजीकृत रहेंगे तो उन्हें अपना व्यवसाय बढ़ाने के लिए बैंक से लोन मिलने में आसानी होगी। उन्होंने छोटे दुकानदारों को पंजीकरण कराने के लिए प्रेरित किया। बताया कि 280 दुकानदारों का पंजीकरण किया गया है जो लोग छूट गए हैं। उनका पंजीकरण में उद्योग व्यापार मंडल आगे भी सहयोग करेगा। बताया कि चाट-पकौड़ी, जूस, पेठा, नमकीन, मिठाई, फल सब्जी, बिरियानी, लस्सी व गन्ने का जूस की बिक्री करने वाले दुकानदारों ने औपचारिकताएं पूरी कर पंजीकरण कराया। शिविर में उद्योग व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष कमलेश जायसवाल, युवा जिला अध्यक्ष सौरभ चौरसिया, आनंद गुप्ता, प्रदीप जायसवाल आदि थे।