{"_id":"62e42af6d097771c09378452","slug":"jalwa-in-40-cuntry-of-online-compny-basti-news-gkp445394480","type":"story","status":"publish","title_hn":"खास खबर: बस्ती के युवा की ऑनलाइन कंपनी का 40 देशों में जलवा, घर-घर पहुंचाती है तोहफा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
खास खबर: बस्ती के युवा की ऑनलाइन कंपनी का 40 देशों में जलवा, घर-घर पहुंचाती है तोहफा
Sat, 30 Jul 2022 09:46 AM IST
गोरखपुर ब्यूरो
संवाद न्यूज एजेंसी, बस्ती।
संवाद न्यूज एजेंसी, बस्ती।
Published by: गोरखपुर ब्यूरो
Updated Sat, 30 Jul 2022 09:46 AM IST
सार
पिछले नौ वर्षों में सुजीत ने कंपनी को दुनिया के 40 देशों में पहुंचा दिया। वर्तमान में यह कंपनी देश की नंबर दो ऑनलाइन गिफ्टिंग कंपनी में शामिल है। कंपनी के 20 करोड़ से अधिक रजिस्टर्ड यूजर हैं। चार सौ से ज्यादा लोग इसमें काम करते हैं।
विज्ञापन
सुजीत कुमार मिश्रा। (फाइल)
- फोटो : अमर उजाला।
विस्तार
बस्ती जिले के महसों क्षेत्र के निपनियां गांव के बेटे 36 वर्षीय सुजीत कुमार मिश्रा की ऑनलाइन कंपनी का विश्व के 40 देशों में जलवा है। महज नौ वर्षों में सुजीत की कंपनी विन्नी सालाना एक हजार करोड़ रुपये का कारोबार कर रही है। जन्मदिन हो या कोई त्योहार विन्नी घर-घर तोहफा पहुंचा देती है। कंपनी में चार सौ से अधिक लोगों को रोजगार मिला हुआ है।
विज्ञापन
सेना में तैनात हरिशंकर मिश्रा के घर 26 नवंबर, 1986 को पैदा हुए सुजीत कुमार मिश्रा की स्कूल की पढ़ाई महसों मॉडर्न स्कूल से हुई। इसके बाद उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के रामजस कॉलेज से स्नातक की शिक्षा हासिल की। पढ़ाई के दौरान ट्यूशन पढ़ाकर खुद का खर्च चलाते थे। बंगलूरू के नामी कॉलेज से एमबीए की पढ़ाई के दौरान सुजीत खुद की अलग पहचान बनाने का सपना देखने लगे थे। एमबीए करने के बाद उन्होंने कुछ साल अलग-अलग निजी संस्थानों में नौकरी भी की। साल 2013 में सुजीत ने तीन दोस्तों के साथ मिलकर ऑनलाइन गिफ्टिंग कंपनी विन्नी की शुरुआत की।
विज्ञापन
पिछले नौ वर्षों में सुजीत ने कंपनी को दुनिया के 40 देशों में पहुंचा दिया। वर्तमान में यह कंपनी देश की नंबर दो ऑनलाइन गिफ्टिंग कंपनी में शामिल है। कंपनी के 20 करोड़ से अधिक रजिस्टर्ड यूजर हैं। चार सौ से ज्यादा लोग इसमें काम करते हैं। पिछले साल कंपनी ने 1000 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार किया है।
विज्ञापन
बताते हैं कि दो हजार से ज्यादा पिन कोड्स पर दो घंटे में और 22 शहरों में महज आधे घंटे में केक की डिलिवरी कंपनी कर देती है। खास बात यह है कि कंपनी ने यह मुकाम अपने दम पर हासिल किया है। कंपनी पूरी तरह से अपने राजस्व के दम पर चलती है। आज तक कभी किसी निवेशक से किसी तरह का धन नहीं लिया है।
हरियाणा के पंचकूला से संचालित सुजीत की ऑनलाइन कंपनी विन्नी का इस्तेमाल देशभर के करोड़ों लोग अपने घर-परिवार, सगे संबंधियों, दोस्तों और प्रियजनों को जन्मदिन, शादी की वर्षगांठ, सेवानिवृत्ति या नौकरी में प्रमोशन के अलावा होली, दिवाली, रक्षाबंधन जैसे त्योहारों पर तोहफे भेजने के लिए करते हैं। विन्नी के जरिये दुनिया के 40 देशों में केक, फूलों के गुलदस्ते, चॉकलेट के साथ-साथ कई तरह के तोहफे ऑनलाइन ऑर्डर किए जा सकते हैं। मध्यवर्गीय परिवार में जन्मे और विषम आर्थिक परिस्थितियों से गुजरने के बाद भी सुजीत ने अपने दमखम व हौसले से वह कर दिखाया है जो कर किसी के लिए प्रेरणा बन सकता है।