बस्ती: रुपये देने के बहाने व्यापारी को कार में किया अगवा, चार घंटे पीटा; चलती गाड़ी से कूदकर बचाई जान
कोहरा गांव के पास ब्रेकर होने के नाते गाड़ी की स्पीड धीमी हुई तो व्यापारी राजीव अचानक दरवाजा खोलकर कूद पड़े। इसके बाद वहां आसपास के लोग जुट गए। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस की मदद से उन्हें सीएचसी रुधौली पहुंचाया गया। प्राथमिकी उपचार के बाद उन्हें शहर के मालवीय रोड स्थित एक नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है।
विस्तार
शहर के एक प्रसिद्ध व्यवसाई को अगवा कर मरणासन्न कर दिए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। कोतवाली क्षेत्र के कचहरी चौराहे से बृहस्पतिवार की शाम को दबंग व्यापारी को चार पहिया लग्जरी वाहन में बैठा ले गए। इसके बाद लुंबिनी- दुद्धी मार्ग पर घूम- घूमकर चार घंटे तक बदमाश गाड़ी में बेरहमी से मारते पीटते रहे। बस्ती- बांसी मार्ग पर रुधौली थाना के कोहरा गांव के पास व्यापारी ने गाड़ी से कूदकर किसी तरह जान बचाई।
पीड़ित पक्ष की तरफ से कोतवाली में अगले दिन शुक्रवार को तहरीर दी गई है। पुलिस ने नगर थाना क्षेत्र के रानीपुर गांव के रहने वाले ओम मिश्रा एवं चार अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिक दर्ज की है। उधर घायल व्यापारी को शहर के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है। जहां शहर के अन्य व्यापारी एवं शुभचिंतकों का तांता लगा हुआ है। सोशल मीडिया पर भी यह घटना खूब वायरल हो रहा है। कोतवाली क्षेत्र के भैसहिया गांव निवासी राजीव पांडेय कंपनीबाग चौराहे के निकट प्रभा इलेक्ट्रॉनिक्स नाम से दुकान चलाते हैं।
पुलिस के अनुसार उनका ओम मिश्रा से कुछ लेनदेन का मामला था। बृहस्पतिवार की सुबह ओम मिश्रा की तरफ से उन्हें कुछ रुपये दिए गए थे। कुछ रुपये शाम 6 बजे देने के लिए कचहरी चौराहे पर बुलाया गया। वहां पहुंचने पर आरोपी ने उनके साथ चाय पी। इसी बीच एक चार पहिया गाड़ी आकर खड़ी हुई। रुपये देने के बहाने उन्हें गाड़ी में ले जाकर बैठा लिया गया। इसके बाद गाड़ी रवाना हो गई। पीड़ित के अनुसार उन्हें पहले लुंबिनी- दुद्धी मार्ग पर कलवारी की तरफ ले जाया गया। गाड़ी में चार लोग पहले से थे। रास्ते भर उन्हें असलहे की बट और लात मुक्कों से मारा पीटा गया। चार घंटे तक उन्हें गाड़ी में घुमाकर मारा गया। इसके बाद रात में रुधौली की तरफ गाड़ी लेकर जाने लगे।
कोहरा गांव के पास ब्रेकर होने के नाते गाड़ी की स्पीड धीमी हुई तो व्यापारी राजीव अचानक दरवाजा खोलकर कूद पड़े। इसके बाद वहां आसपास के लोग जुट गए। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस की मदद से उन्हें सीएचसी रुधौली पहुंचाया गया। प्राथमिकी उपचार के बाद उन्हें शहर के मालवीय रोड स्थित एक नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश दबिश देनी शुरू कर दी है। इस मामले में जिले के एक रसूखदार व्यक्ति का नाम भी चर्चा में है।
प्रथम दृष्टया मामला लेनदेन का है। व्यापारी को गाड़ी में रुपये देने की बात कहकर धोखे से बैठाया गया था। इसके बाद उनके साथ मारपीट की गई है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई है। तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें लगाई गई है। एक अन्य प्रभावशाली व्यक्ति का नाम सामने आया है। मामले में निष्पक्षता से जांच पड़ताल की जा रही है। -ओमवीर सिंह, एसपी
