बेसिक शिक्षा मंत्री ने बच्चों पढ़ाया विज्ञान
बस्ती। बेसिक शिक्षा मंत्री डॉ. सतीश द्विवेदी ने मंगलवार को सुबह 10:30 बजे जिले के आदर्श प्राथमिक विद्यालय मूड़घाट का निरीक्षण किया। विद्यालय में लगभग एक घंटे तक रुके और सभी कक्षाओं में जाकर बच्चों से सवाल पूछे। शिक्षकों से फीडबैक लिया। वह स्मार्ट क्लास में पढ़ाई करते बच्चों को देखकर अपने आपको रोक नहीं पाए और शिक्षक की भूमिका के आ गए। उन्होंने स्मार्ट क्लास से कक्षा चार के विज्ञान विषय से संबंधित पाठ को पढ़ाया। निरीक्षण के दौरान मंत्री कक्षा एक के दीपेंद्र से सभी 75 जिलों, सभी मंडलों, तहसीलों और ब्लॉकों के नाम सुनकर दंग रह गए। उन्होंने उस बच्चे की सराहना की। उन्होंने कक्षा दो और तीन के बच्चों से गणित के कई सवाल पूछे और सही जबाब सुनकर काफी खुश हुए। कक्षा पांच के बच्चों से संस्कृत की पुस्तक पढ़ते देखकर बच्चों की पीठ थपथपाई। मंत्री ने प्रधानाध्यापक डॉ. सर्वेष्ट मिश्र और शिक्षकों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि विभाग को सर्वेष्ट पर गर्व है। जिस तरह इन्होंने अपने स्कूल में संसाधनों की कमी को आड़े नहीं आने दिया और जनसहयोग से लाखों रुपये खर्च कर एक ऐसे मॉडल स्कूल का निर्माण किया जो आज पूरे देश में शिक्षकों के लिए नजीर है। इस मौके पर शिक्षक आराधना, साजिदा, विनय चौधरी, शैल यादव, रचना सिंह मौजूद रहीं।