UP News: पीलीभीत में टनकपुर हाईवे पर दो बाइकों की भिड़ंत, बरेली के युवक की मौत, पांच घायल
पीलीभीत जिले में सोमवार रात टनकपुर हाईवे पर हादसा हो गया। हाईवे पर दो बाइकों की आमने-सामने से टक्कर हो गई, जिससे एक युवक की मौत हो गई। पांच युवक घायल हुए हैं। इनमें दो की हालत गंभीर बताई गई है।
विस्तार
पीलीभीत के न्यूरिया थाना क्षेत्र में टनकपुर हाईवे पर सोमवार रात दो बाइकों की भिड़ंत हो गई। हादसे में बरेली के एक युवक की मौत हो गई। जबकि अन्य पांच गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दो युवकों को गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
हादसा न्यूरिया क्षेत्र में जनकपुरी और औरिया के बीच हुआ। क्षेत्रीय लोगों के अनुसार दोनों बाइकों की आमने-सामने से टक्कर हुई। हादसे में कुल छह युवक घायल हुए थे। इनमें न्यूरिया क्षेत्र के चार युवक एक ही बाइक पर सवार थे। जबकि दूसरे बाइक पर दो युवक सवार थे। एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल में पहुंचे घायलों में बरेली के थाना क्योलड़िया के ग्राम जारपा मोहनपुर निवासी अरुण (24) पुत्र देवकीनंदन को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
ये युवक हुए घायल
अरुण का फुफेरा भाई राहुल पुत्र जंग बहादुर निवासी मलुकापुर थाना बीसलपुर, न्यूरिया क्षेत्र के ग्राम मेथी सैदुल्लागंज निवासी करण कुमार पुत्र रामगोपाल, अरुण पुत्र दयाशंकर, राहुल पुत्र सूरज प्रसाद और बलराम पुत्र दयाराम घायल हो गए। सूचना पर रात में ही सीओ सिटी दीपक चतुर्वेदी, प्रशिक्षु सीओ गायत्री यादव, कोतवाल राजीव कुमार सिंह फोर्स के साथ जिला अस्पताल पहुंचे और परिजनों को सूचना दी।
तीन बहनों में इकलौता भाई था अरुण
परिजनों के अनुसार अरुण तीन दिन पूर्व ही प्रारंभिक अर्हता परीक्षा देकर नोएडा से घर लौटा था। सोमवार को वह अपने फुफेरे भाई बीसलपुर क्षेत्र के ग्राम मलुकापुर निवासी राहुल को नैनीताल में परीक्षा दिलाने गया था। परीक्षा के बाद पीलीभीत टनकपुर हाईवे घर लौट रहा था। इस दौरान हादसा हो गया। अरुण परिवार में तीन बहनों का इकलौता भाई था। उसकी मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
यह भी पढ़ें- UP: बरेली में बीड़ी न देने पर लोडर चालक की निर्मम हत्या, आरोपी ने फावड़े से किए ताबड़तोड़ प्रहार, गिरफ्तार
तेज रफ्तार बनी हादसे का कारण
न्यूरिया क्षेत्र में हुए हादसे में नियमों की अनदेखी भी बड़ा कारण रही। पुलिस की जांच में एक बाइक पर चार युवक और दूसरी बाइक पर दो युवकों के सवार होने की बात सामने आई। दोनों बाइकों पर कोई भी हेलमेट का प्रयोग करता नहीं पाया गया। वहीं प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार पाई गई। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है।