Bareilly News: सिर में गोली मारकर युवक की हत्या, नागपंचमी मेला मैदान में पड़ा मिला शव
बरेली के थाना बारादरी क्षेत्र में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। शुक्रवार सुबह उसका शव नाग पंचमी मेला मैदान में पड़ा मिला। इसकी जानकारी होने पर इलाके में सनसनी फैल गई।
विस्तार
बरेली के बारादरी क्षेत्र में गंगापुर के नागपंचमी मेला मैदान में शिवम गुप्ता उर्फ चैंपी की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। कालीवाड़ी निवासी शिवम दो साल से गंगापुर में ही रह रहा था। बहन ने बताया कि शिवम जुआ और सट्टे में लगा रहता था। बारादरी थाना पुलिस को दोस्तों पर ही शक है, हालांकि परिवार ने कोई तहरीर नहीं दी है।
शिवम ने गंगापुर में शीतल राजपूत के घर में अपना ठिकाना बना रखा था और वह उसका काफी करीबी हो गया था। उसके पति सोनू राजपूत की ज्यादा शराब पीने और टीबी बीमारी से चार साल पहले मौत हो गई थी। शीतल के दो बच्चे हैं।
ये भी पढ़ें- कॉलोनी में सेक्स रैकेट का मचा शोर: पुलिस ने आधी रात मकान में मारा छापा, इस हाल में मिले युवक-युवतियां
शीतल के मुताबिक बृहस्पतिवार दोपहर 12 बजे शिवम नहाकर घर से चला गया। रात 10:45 बजे उसे कॉल की तो कहा कि 10 मिनट में आ रहा है। फिर नंबर बंद हो गया। वह रात तीन बजे तक कॉल करती रही। सुबह सात बजे शिवम की हत्या की सूचना मिली
जुआ और सट्टा खेलता था शिवम
नागपंचमी मेला मैदान पहुंचकर शीतल ने शव की पहचान की। कालीबाड़ी से शिवम के भाई-बहन भी आ गए। बहन निधि ने बताया कि शिवम कई साल से जुआ व सट्टा खेल रहा था। हालांकि, उसके दोस्तों या दुश्मनों के बारे में किसी को जानकारी नहीं है।
पुलिस को शिवम का मोबाइल फोन भी नहीं मिल सका है। मौके पर शराब व बीयर की खाली बोतलें पड़ी थीं। शिवम की जेब में लूडो की गोटियां भी मिलीं, लूडो से ही जुआ खेलने का शक है।
एसपी सिटी राहुल भाटी ने बताया कि गोली लगने से शिवम की मौत हुई है। हत्या की वजह को लेकर परिवार कुछ नहीं बता रहा है। पुलिस अपनी ओर से जानकारी जुटा रही है। जल्दी ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को जेल भेजेंगे।