UP News: मां के पास सो रही बच्ची को दबोच ले गया भेड़िया, नदी में मिला शव; गर्दन पर थे दांतों के निशान
उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में वन्यजीव के हमले थम नहीं रहे। पढ़ुआ थाना क्षेत्र के गांव कुर्तैहा में मां के पास सो रही बच्ची को वन्यजीव दबोच ले गया। शनिवार सुबह बच्ची का शव गांव के बाहर नदी में मिला। परिजनों ने भेड़िया होने की बात कही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
लखीमपुर खीरी के पढ़ुआ थाना क्षेत्र के गांव कुर्तैहा में मां के साथ कमरे में सो रही बच्ची को शुक्रवार रात वन्यजीव दबोच ले गया। शनिवार सुबह बालिका का शव गांव के बाहर घाघरा नदी में उतराता मिला। परिजनों का कहना है कि बच्ची को भेड़िया उठाकर ले गया, जबकि वन विभाग तेंदुए की आशंका जता रहा है। निगरानी के लिए दो टीमें और आठ कैमरे लगाए गए हैं।
गांव निवासी हैदर की चार वर्षीय पुत्री रिजा बानो अपनी मां सरमीन जहां के साथ टिनशेड के बने कमरे में चारपाई पर सो रही थी। कमरे का दरवाजा खुला था। समरीन के मुताबिक, रात करीब ढाई से तीन बजे के बीच भेड़िया घर में घुसकर रिजा बानो को उठा ले गया। समरीन की आंख खुली तो उसने शोर मचाया। आवाज सुनकर ग्रामीण भी इकट्ठा हो गए।
साढ़े तीन बजे डायल 112 भी सूचना पर पहुंच गई। परिजन ग्रामीणों के साथ मिलकर गन्ने में बच्ची को तलाशने लगे। ग्रामीणों की सूचना पर रात में पढ़ुआ थाना पुलिस भी बालिका की खोजबीन में लग गई। शनिवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे मछुआरे घाघरा नदी में शिकार के लिए पहुंचे। नदी में रिजा का शव उतराता मिला। सुबह वन की टीम भी मौके पर पहुंच चुकी है।
मां बोली- दो भेड़िये थे
समरीन जहां ने बताया कि रात करीब ढाई बजे भेड़िये ने बेटी को चारपाई के सिराहने से दबोचा तो वह चिल्ला पड़ी। बेटी की आवाज सुनकर उनकी भी आंख खुल गई। उसने देखा की दो भेड़िये थे। समरीन ने हो-हल्ला किया तो हैदर और परिवार के अन्य सदस्य भी जाग गए।
भेड़िया होने का कोई साक्ष्य नहीं मिला है। बलुई इलाका होने के कारण स्पष्ट पगचिह्न भी नहीं मिले। इस क्षेत्र में तेंदुआ सक्रिय है। निगरानी के लिए आठ कैमरे और दो टीमें लगाई गई हैं।- सौरीष सहाय, डीएफओ उत्तर खीरी