बीवी ने दिया तलाक: शौहर ने निकाह के वक्त किया वादा तोड़ा... इसलिए उसका साथ छोड़ा; बताई पूरी कहानी
बरेली में अपने शौहर की हरकतों से परेशान महिला ने तलाक दे दिया। महिला का आरोप था कि शौहर उसे खाना और कपड़े नहीं देता था। पिटाई करता था। जबकि निकाह के वक्त उसने वादा किया था कि उसे मान सम्मान के साथ रखेगा।
विस्तार
बरेली में एक महिला ने अपने शौहर पर मारपीट और प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए उसको तलाक दे दिया। महिला ने बताया कि उसका पति न तो उसको खाना देता और न पहनने के लिए ढंग के कपड़े। वो जो भी कमाता है, जुआ और शराब में लुटा देता है। जुए और शराब की बुरी आदत से उसका जीवन नर्क हो गया था। इसलिए महिला ने तलाक ए तफवीज का सहारा लिया है।
ठिरिया निजावत खां की रहने वाली शाहिबा ने बताया कि उसका निकाह ठिरिया के रहने वाले आशिक बेग के साथ 16 नवंबर 2018 को हुआ था। इस निकाह में उसका मेहर 51 हजार 786 रुपये तय हुआ था। निकाह के वक्त तय हुआ था कि आशिक उसे पूरे मान सम्मान के साथ रखेगा और उसकी जरूरतें पूरी करेगा। उसके साथ मारपीट नहीं करेगा। अगर ऐसा करने में वह नाकाम रहता है कि पत्नी को यह हक हासिल रहेगा कि वह अपने शौहर आशिक से संबंध समाप्त कर ले।
ये भी पढ़ें- पीलीभीत में सनसनीखेज वारदात: गला काटकर तीसरी बीवी की निर्मम हत्या, वारदात के बाद आरोपी शौहर फरार
शाहिबा ने आरोप लगाया कि निकाह के बाद शौहर ने अपना वादा तोड़ दिया। वह उसे कम दहेज मिलने का ताना देने लगा। दहेज में एक लाख रुपये नकद और बाइक की मांग करता था। न मिलने पर उसके साथ मारपीट और गोली गलौज करता था। उसकी प्रताड़ना से वो तंग हो चुकी थी। निकाह के वक्त हुए समझौते के आधार पर शाहिबा ने उसको तलाक देकर खुद को उससे अलग कर लिया।