Weather Update: बरेली में बारिश से राहत, बदायूं में आंधी से आफत, सड़क पर गिरे कई पेड़
बरेली में पिछले एक सप्ताह से लोगों को उमस भरी गर्मी ने परेशान कर रखा था। मंगरवार तड़के बारिश हुई, तब जाकर लोगों को राहत मिली। बदायूं में बारिश के दौरान आंधी भी चली।
विस्तार
मानसून एक बार फिर सक्रिय होने से बरेली में मौसम का मिजाज बदल गया। मंगलवार तड़के करीब चार बजे से बारिश शुरू हो गई। दो घंटे तक तेज बारिश हुई। इसके बाद सुबह आठ बजे तक बूंदाबादी का सिलसिला जारी रहा। बारिश होने से जहां लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली, वहीं हर बार की तरह जलभराव की समस्या मुसीबत बन गया। शहर के कई इलाकों में सड़कें जलमग्न हो गईं। बदायूं और पीलीभीत में भी बारिश हुई है।
सावन माह के शुरुआत में तीन-चार दिन जमकर बारिश हुई थी। बारिश थमने के बाद लोग उमस भरी गर्मी से परेशान हो गए थे। सोमवार शाम आसमान में बादल छाए तो मौसम में बदलाव शुरू हो गया। तड़के करीब चार बजे से बारिश शुरू हो गई। सुबह स्कूली बच्चे भींगते हुए स्कूल पहुंचे। शहर के कई इलाकों में सड़कों पर जलभराव हो गया, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बारिश के दौरान कई इलाकों में बिजली गुल रही।
बदायूं में आंधी के साथ हुई बारिश
बदायूं जिले में मंगलवार तड़के बारिश के दौरान तेज आंधी चली, जिससे कादरचौक इलाका सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ। यहां कई पेड़ उखड़ कर सड़क पर गिर पड़े, जिसकी वजह से आवागमन प्रभावित रहा। शहर के गांधी ग्राउंड रोड, शिव मंदिर, पनवाड़ी मोहल्ला, नेकपुर, आवास विकास अन्य कई स्थानों पर जलभराव हो गया। वहीं बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली है।