Urs e Razvi 2025: परचम कुशाई से आज होगा उर्स का आगाज, रजा के दीवानों के इस्तकबाल में सजा इस्लामिया मैदान
Urs e Razvi in Bareilly: बरेली में उर्स ए रजवी का आज आगाज होगा। तीन दिन तक चलने वाले इस आयोजन में देश-विदेश के लाखों जायरीन शामिल होंगे। जायरीनों के पहुंचने का सिलसिला जारी है। शहर के इस्लामिया कॉलेज मैदान में पंडाल व मंच सजाया गया है।
विस्तार
बरेली में आला हजरत के 107वें उर्स (उर्स-ए-रजवी) का आगाज सोमवार शाम परचम कुशाई से होगा। दिन में परचमी जुलूस निकलेगा तो रात में मुशायरे की महफिल सजाई जाएगी। इसके लिए देश-विदेश के शायर और जायरीन शहर आने लगे हैं। उर्स की सभी रस्में दरगाह प्रमुख मौलाना सुब्हान रजा खां की सरपरस्ती, सज्जादानशीन मुफ्ती अहसन रजा कादरी की सदारत और सैयद आसिफ मियां की निगरानी में दरगाह परिसर व इस्लामिया मैदान में अदा की जाएंगी।
दरगाह से जुड़े नासिर कुरैशी ने बताया कि परचम कुशाई की रस्म से पहले आजम नगर से शाम चार बजे से सज्जादानशीन के नेतृत्व में परचमी जुलूस निकाला जाएगा। जुलूस अपने निर्धारित रास्तों से दरगाह पहुंचेगा। यहां सलामी देकर जुलूस इस्लामिया मैदान पहुंचेगा।
दुनियाभर के उलमा की मौजूदगी में परचम कुशाई की जाएगी। शाम साढ़े सात बजे से महफिल-ए-मिलाद होगी। रात 10:35 बजे आला हजरत के बड़े साहिबजादे हुज्जातुल इस्लाम के कुल शरीफ की रस्म होगी। इसके बाद नातिया मुशायरा होगा।
रजा के दीवानों के इस्तकबाल में सजा इस्लामिया मैदान
आला हजरत के उर्स के लिए मेला सज गया है। दरगाह से लेकर इस्लामिया इंटर काॅलेज के मैदान तक तैयारियां पूरी हो चुकीं हैं। दरगाह सहित आसपास के इलाके जायरीन की आमद से गुलजार हो रहे हैं। उर्स स्थल इस्लामिया इंटर कॉलेज मैदान पर बड़ा मंच व भव्य पंडाल तैयार हो गया है। यहां पर अस्थायी कुतुबखाना भी तैयार किया गया है, जहां इस्लामी किताबें उपलब्ध रहेंगी।
यह भी पढ़ें- UP News: इस शहर में तीन दिन बंद रहेंगे 10 स्कूल-कॉलेज, 20 अगस्त को सभी शिक्षण संस्थानों में छुट्टी
मैदान पर पूछताछ कार्यालय, पुलिस कैंप, मेडिकल कैंप सहित अन्य शिविर लगाए जा रहे हैं। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस के वाच टावर लगाए गए हैं। नगर निगम ने पेयजल की व्यवस्था सहित वजूखाना, स्नानघर आदि तैयार किए हैं। इस दौरान अजमेर के गद्दीनशीन भी मौजूद रहे। दरगाह प्रबंधन ने बताया कि दक्षिण अफ्रीका, मॉरीशस, नेपाल सहित कई अन्य देशों से जायरीन शहर आ गए हैं।
जामियां नूरिया में 19 को होगा कुल
बाकरगंज स्थित जामिया नूरिया रजवीया मदरसा मे 19 अगस्त को 2:38 बजे कुल शरीफ की रस्म अदा की जाएगी। इसमें अल्लामा अमीनुल कादरी भी आ रहे हैं। जामिया नूरिया रजविया और रजा मुस्लिम मिशन के पदाधिकारियों के अनुसार कार्यक्रम के दौरान कुरआन ख्वानी, नात शरीफ, दुआ और इस्लामी शिक्षाओं पर बयान होगा। हुजूर ताजुश्शरिया के कुल शरीफ की रस्म शाम को 7:16 बजे अदा की जाएगी।
दरगाह तहसीनी पर भी आयोजन आज
कांकर टोला स्थित दरगाह तहसीनी पर उर्स-ए-रजवी हसनी हसनैनी का आयोजन सोमवार को किया जाएगा। कार्यक्रम की सरपरस्ती दरगाह के सज्जादानशीन मौलाना हस्सान रजा खां नूरी करेंगे। प्रवक्ता सगीर उद्दीन नूरी ने बताया कि दोपहर 2:38 बजे आला हजरत और उस्तादे जमन अल्लामा हसन रजा खां का और हजरत हसनैन रजा खां और हुज़ूर तहसीने मिल्लत का 46वां कुल शरीफ होगा।
तीन स्कूलों में जायरीन को ठहराने की अनुमति
उर्स-ए-रजवी पर कंपोजिट विद्यालय मॉडल किशोर बाजार, प्राथमिक विद्यालय बिहारीपुर और प्राथमिक विद्यालय कहरवान को जायरीन को ठहराने के लिए खोल दिया गया है। हालांकि, इसमें पहले जारी आदेश में बीएसए ने कंपोजिट विद्यालय मॉडल किशोर बाजार में जायरीन के ठहरने पर रोक लगाई थी। कंपोजिट विद्यालय मॉडल किशोर बाजार के प्रधानाध्यापक ने 14 अगस्त को जिलाधिकारी को पत्र सौंपकर स्कूलों में जायरीन के ठहरने की पुरानी परंपरा पर चिंता जताई थी।
उर्स कमेटी ने इसे परंपरा में हस्तक्षेप बताते हुए अनुमति दिए जाने की गुहार लगाई थी। कमेटी के अनुरोध पर बीएसए संजय सिंह ने अपने पुराने आदेश में आंशिक संशोधन किया है। नए आदेश में शर्तों पर अनुमति दी गई है। स्कूल के भवन या प्रांगण को कोई क्षति होने पर उर्स कमेटी को उसकी मरम्मत करानी होगी। उर्स के बाद स्कूलों की साफ-सफाई की जिम्मेदारी भी कमेटी की होगी।