फतेहगंज पूर्वी (बरेली)। आंवला से लखनऊ जा रही बरात में दूल्हे की कार डीसीएम से टकराने पर हाईवे पर बखेड़ा हो गया। बरातियों ने हाईवे पर डीसीएम को रोक लिया, इसके बाद उनकी चालक से जमकर नोकझोंक हुई। इस दौरान हाईवे पर करीब एक घंटे तक वाहनों के पहिये थमे रहे। सूचना पर फरीदपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों में समझौता कराकर जाम खुलवाया।
बरेली के आंवला से एक बरात बुधवार को लखनऊ जा रही थी। शाम करीब चार बजे बरात जब फरीदपुर कस्बे पहुंची तो वहां रेलवे क्रॉसिंग बंद थी। बाद में जब क्रॉसिंग खुली तो बरातियों के वाहन तो निकल गए, लेकिन दूल्हे की कार जल्दबाजी में निकालते समय एक डीसीएम से टकरा गई। जिस पर क्रॉसिंग पर बरातियों से कहासुनी हो गई। इसके बाद चालक डीसीएम लेकर वहां से निकल गया, लेकिन फरीदपुर बाईपास पर जैसी ही हाईवे पर पहुंचा बरातियों ने अपनी गाड़ी आगे लगाकर बीच सड़क पर डीसीएम को रोक लिया। मामले को लेकर उनकी चालक से नोकझोंक होने लगी। डीसीएम और बरातियों के वाहन बीच सड़क पर खड़े होने से हाईवे पर ट्रैफिक थम गया। बताते हैं कि दोनों पक्ष एक दूसरे पर लापरवाही से गाड़ी चलाने का आरोप लगा रहे थे, लेकिन कोई भी पक्ष अपनी गलती मानने को तैयार नहीं था। हाईवे पर वाहनों की लंबी लाइन लगने की सूचना मिलने पर फरीदपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर समझौता कराया। तब कहीं जाकर जाम खुल सका।