Weather Update: बरेली मंडल में बारिश का क्रम जारी, खराब मौसम के चलते स्कूल बंद, अलर्ट जारी
बारिश से दो दिन और राहत के आसार नहीं है। मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। बारिश की संभावना को देखते हुए बरेली, पीलीभीत और शाहजहांपुर में आठवीं तक और बदायूं में 12वीं तक के स्कूल का शुक्रवार को अवकाश घोषित किया गया है।
विस्तार
बरेली में इस वर्ष सितंबर में पहली बार 24 घंटे में 90 मिमी की रिकॉर्ड बारिश से शहरवासी तरबतर हुए। इससे पहले वर्ष 2008 में सितंबर में 24 घंटे में 90 मिमी से ज्यादा बारिश हुई थी। अधिकतम तापमान में पांच डिग्री सेल्सियस की गिरावट से शहरवासियों ने जहां राहत की सांस ली, वहीं बदइंतजामी, बिजली कटौती और जलभराव जैसी समस्याओं से भी उनको जूझना पड़ा। मौसम विभाग ने अगले दो दिन तक आंधी के साथ बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है।
बारिश से फसलों को नुकसान
शाहजहांपुर जिले में तेज हवा के साथ हुई बारिश ने शहर से लेकर गांव तक जनजीवन अस्त व्यस्त कर दिया। गन्ने से लेकर धान की अगेती फसल को काफी नुकसान हुआ है। सड़कें भी जलमग्न हो गईं। बिजली गुल रहने से पीने का पानी का संकट भी लोगों को झेलना पड़ा। 24 घंटे में 43 मिमी बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। बारिश के चलते शुक्रवार को आठवीं तक के स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है।
बदायूं में 12वीं तक के स्कूल बंद
बदायूं जिले में 24 घंटे में 55.25 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है। गुरुवार को तेज बारिश से शहर के नाले-नालियां भी लबालब हो गईं। कई इलाकों में जलभराव हो गया। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग ने दो दिन भारी बारिश का अनुमान जताया है। जिलाधिकारी निधि श्रीवास्तव ने बृहस्पतिवार की देर रात स्कूलों के अवकाश का आदेश जारी किया। इसमें उन्होंने कक्षा एक से 12 तक के सभी बोर्ड के स्कूलों को शुक्रवार को बंद रखने के निर्देश दिए हैं।