Bareilly News: आठवीं की छात्रा से दुष्कर्म, दो आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज, तलाश में जुटी पुलिस
बरेली के नवाबगंज थाना क्षेत्र में आठवीं की छात्रा से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। छात्रा की मां ने दो युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। इनमें से एक आरोपी दूसरे समुदाय का होने की चर्चा है।
विस्तार
बरेली के नवाबगंज थाना क्षेत्र में बकरी चरा रही आठवीं कक्षा की छात्रा को रविवार शाम छह बजे गन्ने के खेत में खींचकर दो युवकों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। छात्रा की मां की तहरीर पर दो आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। एक आरोपी के दूसरे समुदाय से होने की चर्चा है।
छात्रा की मां ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी अपने पड़ोसी लड़के के साथ खेतों में बकरी चरा रही थी। इसी दौरान दूसरे गांव का निवासी विमलेश एक अन्य युवक के साथ वहां पहुंचा। दोनों छात्रा को जबरन गन्ने के खेत में खींच ले गए। खेत में उन्होंने छात्रा के साथ दुष्कर्म किया।
बदहवास हालत में मिली छात्रा
छात्रा के साथ गए पड़ोसी लड़के ने उसकी मां और अन्य ग्रामीणों को सूचना दी। छात्रा की मां कुछ दूरी पर घास काट रही थीं। वह मौके पर पहुंचीं तो दोनों आरोपी भाग गए। बेटी बदहवास हालत में मिली। मां ने सोमवार सुबह पुलिस को तहरीर दी। एक आरोपी दूसरे समुदाय का होने की चर्चा पर मौके पर भीड़ जुटने लगी।
दोपहर में एसपी उत्तरी मुकेश मिश्रा, सीओ नीलेश मिश्रा और इंस्पेक्टर अरुण कुमार मौके पर पहुंचे। शाम को एसएसपी अनुराग आर्य ने भी घटनास्थल देखा। उन्होंने बताया कि पीड़िता के बयान दर्ज कर उसे मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है। आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए हैं।
छह साल के बच्चे से की गंदी बात, नाबालिग पड़ोसी गिरफ्तार
छह साल के बच्चे के साथ बारादरी इलाके में गलत हरकत की गई। परिजन ने पड़ोस के 15 वर्षीय किशोर पर बच्चे को चॉकलेट का लालच देकर झाड़ियों में ले जाने का आरोप लगाया। आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया, बारादरी थाना पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। पुलिस ने बच्चे को चिकित्सकीय परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा।
बच्चे की मां ने आरोप लगाया कि किशोर पहले भी बच्चों के साथ गलत हरकत कर चुका है। एएसपी शिवम आशुतोष सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। बच्चे की मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। आरोपी भी नाबालिग ही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।