पीलीभीत: वाहन की टक्कर से बाइक सवार दुकानदार की मौत, हादसे के बाद चालक फरार
पीलीभीत के गजरौला थाना क्षेत्र में बुधवार रात हुए हादसे में एक दुकानदार की मौत हो गई। वह बाइक से अपने घर लौट रहे थे। रास्ते में किसी वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
विस्तार
पीलीभीत के गजरौला थाना क्षेत्र में पिपरिया भजा-सुहास मार्ग पर किसी वाहन की टक्कर से बाइक सवार दुकानदार की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से भाग गया। पुलिस ने वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है।
गांव पिपरिया भजा निवासी रामप्रताप (47 वर्ष) बुधवार रात दौलतपुर से बाइक से घर लौट रहे थे। पिपरिया भजा और सुहास के बीच सामने से आ रहे अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह बाइक समेत सड़क किनारे खाई में जा गिरे।
हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। गांव पास में होने के कारण लोग मौके पर पहुंच गए और रामप्रताप को निजी अस्पताल ले गए। हालत गंभीर होने पर उन्हें पीलीभीत रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
जूते-चप्पल की दुकान लगाते थे रामप्रताप
रामप्रताप साप्ताहिक बाजारों में जूते-चप्पल की दुकान लगाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी नंदरानी और दो बेटियां हैं। बड़ी बेटी सत्यवती की शादी हो चुकी है, जबकि छोटी बेटी कुसुम अविवाहित है। उनका कोई बेटा नहीं है।
सीओ सिटी अमरनाथ वर्मा ने बताया कि हादसे की सूचना पर पहुंची गजरौला पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
