बरेली में बड़ी कार्रवाई: एनओसी के बिना चल रहे दो अस्पताल सील, दो के ओटी-एनआईसीयू पर लगा ताला
झांसी अग्निकांड के बाद अस्पतालों में अग्नि सुरक्षा के इंतजामों की जांच चल रही है। शासन के निर्देश पर गठित तीन सदस्यीय टीम ने बुधवार को कई अस्पतालों में जांच की। एनओसी के बिना चल रहे दो अस्पतालों को सील कर दिया गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली में स्वास्थ्य विभाग में पंजीकृत कई अस्पतालों के पास फायर एनओसी (अग्नि सुरक्षा प्रमाणपत्र) नहीं हैं। जिनके पास एनओसी है, वहां व्यवस्थाएं अधूरी हैं। शासन के निर्देश पर बुधवार को हुई जांच में इसकी पुष्टि हुई। जांच टीम ने दो अस्पतालों पर ताला जड़ दिया। दो अन्य अस्पतालों के ऑपरेशन थिएटर, एनआईसीयू सील किए।
शासन के निर्देश पर गठित तीन सदस्यीय टीम ने नौ निजी अस्पतालों के अभिलेखों और व्यवस्थाओं की पड़ताल की। पंजीकरण के दस्तावेज सहित फायर एनओसी की जांच की। अस्पताल में लगे अग्नि सुरक्षा उपकरणों की स्थिति परखी। आपात स्थिति के लिए स्टाफ प्रशिक्षित है या नहीं, सहित अन्य बिंदुओं पर जांच की। फायर एनओसी न होने पर अथक प्रयास अस्पताल को सील किया गया।
ऑपरेशन थिएटर सील
अवैध रूप से संचालित कादरी हॉस्पिटल के पास फायर एनओसी भी नहीं मिलने पर ताला जड़ दिया गया। अल सरकार हॉस्पिटल में अग्नि सुरक्षा के इंतजाम न होने पर के ऑपरेशन थिएटर को सील किया। फायर एनओसी नहीं होने पर परमेश्वर हॉस्पिटल का एनआईसीयू सील हुआ।
अल मदीना हॉस्पिटल, विजयराज हॉस्पिटल, मेडिकेयर हॉस्पिटल, उम्मीद हॉस्पिटल पंजीकृत मिले। उनके पास फायर एनओसी भी थी थी। श्री न्यू धनवंतरि हॉस्पिटल में अग्नि सुरक्षा के इंतजाम थे। एनओसी का आवेदन पत्र दिखाया।
एनओसी के लिए दी सात दिन की मोहलत
नोडल अधिकारी डिप्टी सीएमओ डॉ. लईक अहमद अंसारी के मुताबिक सभी अस्पतालों को नोटिस दिया गया है। जिन अस्पतालों के पास फायर एनओसी नहीं है, उन्हें सात दिन के भीतर एनओसी लेने और अग्नि सुरक्षा के सभी मानक पूरे करने की हिदायत दी है। अपंजीकृत अस्पताल को सील कर नियमानुसार पंजीकरण कराने की चेतावनी दी है। आदेश का अनुपालन नहीं होने पर अगली कार्रवाई की जाएगी।
अग्निशमन विभाग ने 11 अस्पतालों में परखा इंतजाम
अग्निशमन अधिकारी संजीव कुमार ने बुधवार को शहर के 11 निजी अस्पतालों का निरीक्षण कर अग्नि सुरक्षा के इंतजाम परखे। आशा हॉस्पिटल, केदारनाथ हॉस्पिटल, जनसेवा हॉस्पिटल, आदित्य हॉस्पिटल, नोवाकिया आई हॉस्पिटल में अग्निशमन व्यवस्था मानक के अनुसार नहीं मिली। विनायक हॉस्पिटल में फायर अलार्म सिस्टम अक्रियाशील मिला।
श्री सिद्धिविनायक हॉस्पिटल में ऑटोमैटिक स्मोक डिटेक्टर सिस्टम अक्रियाशील रहा। साई सुखदा हॉस्पिटल में भी स्मोक डिटेक्टर संचालित नहीं मिला। हौज रील कटी थी। रामकिशोर हॉस्पिटल में हौज रील कटी मिली। इनको व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के लिए तीन दिन का समय दिया गया है। स्वाति हॉस्पिटल, लाइफ लाइन हॉस्पिटल में व्यवस्थाएं दुरुस्त रहीं।