बरेली में बड़ा हादसा: हाईटेंशन लाइन टूटने से गांव में फैला करंट, छात्र समेत दो की मौत, महिला की हालत नाजुक
बरेली के अलीगंज थाना क्षेत्र के सूदनपुर गांव में शनिवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। गांव के बाहर लगे ट्रांसफार्मर में फाल्ट होने से हाईटेंशन विद्युत लाइन टूटकर सप्लाई लाइन पर गिर गई, जिससे घरों में करंट दौड़ गया। करंट लगने से छात्र समेत दो लोगों की मौत हो गई। एक महिला गंभीर रूप से झुलस गई।
विस्तार
बरेली के अलीगंज थाना क्षेत्र के गांव सूदनपुर की जाटव बस्ती में शनिवार सुबह सात बजे घरेलू लाइन में 11 केवी हाई वोल्टेज करंट दौड़ने से छात्र सुभाष और दिव्यांग कुंवरपाल की मौत हो गई। छात्र को बचाने की कोशिश में मां सुनीता बुरी तरह से झुलस गई। कई घरों में बिजली के उपकरण फुंक गए और एक ई-रिक्शा भी जल गया। गांव में काफी देर तक दहशत का माहौल रहा।
सूदनपुर निवासी ऊदल ने बताया कि उनका बेटा सुभाष (17 वर्ष) सरस्वती विद्या मंदिर मीरगंज में 10वीं का छात्र था। सुबह सात बजे वह स्कूल के लिए निकल रहा था। जैसे ही घर का लोहे का दरवाजा खोला, वह करंट की चपेट में आ गया। उसकी चीख सुनकर मां सुनीता ने बचाने की कोशिश की तो वह भी झुलस गईं। सुभाष की मौके पर ही मौत हो गई। वह और उनका बड़ा बेटा सुनील मजदूरी करते हैं।
जमीन पर पैर रखते ही लगा करंट, कुंवरपाल की गई जान
गांव के छोटे लाल ने बताया कि उनके भाई कुंवरपाल दिव्यांग थे। सुबह सात बजे सोकर उठने के बाद जैसे ही उन्होंने पैर जमीन पर रखा, वह करंट की चपेट में आ गए। चीख सुनकर परिवार के अन्य लोग जाग गए। तब तक कुंवरपाल की मौत हो चुकी थी। उनके माता-पिता की मौत पहले ही हो चुकी है। परिवार में भाई राम निवास, छोटेलाल और समन सिंह हैं।
यह भी पढ़ें- बरेली में बड़ा हादसा: हाईटेंशन लाइन टूटने से गांव में फैला करंट, छात्र समेत दो की मौत, महिला की हालत नाजुक
गांव के अजय के घर में खड़ा ई-रिक्शा भी जल गया। अजय के बेटे अजीत और राजवती ने भी करंट का झटका महसूस किया। गांव के गजेंद्र सिंह ने बताया कि उनके घर में बिजली के कई उपकरण फुंक गए। अन्य घरों में भी नुकसान हुआ है।
पांच लाख रुपये और नौकरी का आश्वासन
मुख्य अभियंता ज्ञान प्रकाश में मृतकों के परिवार को पांच-पांच लाख रुपये मुआवजा और एक-एक सदस्य को विद्युत निगम में संविदा पर नौकरी देने का आश्वासन दिया है।
ऐसे हुआ हादसा
ट्रांसफार्मर के जंपर और टॉप पैनल के बीच फॉल्ट हुआ। इससे 11 केवी एचटी लाइन न्यूट्रल और घरेलू लाइन के संपर्क में आ गई और घरों में एचटी करंट दौड़ गया।
दुर्भाग्य बन गया 'सौभाग्य योजना' के तहत लगा ट्रांसफार्मर
सूदनपुर गांव में बिजली आपूर्ति अलीगंज उपकेंद्र के सूदनपुर ग्रामीण फीडर से होती है। यह उपकेंद्र विद्युत वितरण खंड आंवला के तहत आता है। ओवरलोडिंग की समस्या को दूर करने के लिए गांव से पश्चिम की ओर करीब 150 मीटर दूर मोबाइल टॉवर के पास सौभाग्य योजना के तहत लगाया गया 25 किलोवाट का ट्रांसफार्मर दो परिवारों के दुर्भाग्य में बदल गया। अब विद्युत सुरक्षा आयोग हादसे के कारणों की जांच करेगा।
गांव के राम किशन, गजेंद्र, अरविंद ने बताया कि ट्रांसफार्मर पर अक्सर फॉल्ट होते थे। कुंवरपाल के भाई छोटे लाल ने बताया कि कई बार अलीगंज उपकेंद्र पर इसकी शिकायत की गई थी, लेकिन जिम्मेदारों ने ध्यान नहीं दिया। एक बार फॉल्ट होने पर कई-कई दिन तक आपूर्ति ठप रहती है।
मुख्य अभियंता ज्ञान प्रकाश ने बताया कि प्राथमिक जांच में किसी कर्मचारी या अधिकारी की लापरवाही सामने नहीं आई है। अधीक्षण अभियंता ग्रामीण ज्ञानेंद्र सिंह और अधिशासी अभियंता आंवला की तकनीकी जांच में सामने आया है कि 11 केवी लाइन और एलटी लाइन के टॉप पैनल के बीच अचानक एक चिड़िया के संपर्क में आने से फॉल्ट हुआ। ट्रांसफार्मर के पास चिड़िया मृत पाई गई है। इस कारण एचटी लाइन जंपर की ओर से टूटकर एलटी लाइन और न्यूट्रल के संपर्क में आ गई। इससे न्यूट्रल लाइन में हाई वोल्टेज करंट दौड़ गया और यही हादसे का कारण बना।
जिम्मेदार बेखबर, डीएम ने मुख्य अभियंता को दी हादसे की जानकारी
सूदनपुर में करंट से दो लोगों की मौत और महिला के झुलसने के बारे में विद्युत निगम के जिम्मेदारों को खबर तक नहीं लगी। सूदनपुर ग्रामीण फीडर सुबह सात बजे ब्रेक डाउन में आने के बाद भी अलीगंज उपकेंद्र पर तैनात कर्मचारियों और अधिकारियों ने इसका कारण जानने की कोशिश नहीं की।
हादसे के बारे में जब डीएम अविनाश सिंह को सूचना मिली तो उन्होंने इस बारे में मुख्य अभियंता ज्ञान प्रकाश को बताया। मुख्य अभियंता ने आंवला और अलीगंज से इस बारे में जानकारी मांगी तो वे कुछ नहीं बता सके। ऐसे में मुख्य अभियंता ने अधीक्षण अभियंता के साथ खुद ही सूदनपुर गांव का रुख किया।