UP: पहलगाम जाने की थी तैयारी, हमले के बाद श्रीनगर में ही रुके, बरेली के परिवार ने बताए वहां के हालात
बरेली के आंवला पक्का कटरा निवासी जीएसटी अफसर नितेश खंडेलवाल और सचिन गुप्ता परिवार के साथ जम्मू-कश्मीर घूमने गए हैं। वह भी पहलगाम में जाने वाले थे, लेकिन आतंकी घटना के बाद वह श्रीनगर में ही रुक गए। उन्होंने बताया कि मुसीबत में होटलों और फ्लाइट का दो से तीन गुना तक किराया बढ़ गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को आतंकियों ने 26 पर्यटकों की हत्या कर दी थी। सुरक्षा के लिहाज से श्रीनगर में चप्पे-चप्पे पर सेना तैनात है। तमाम पर्यटक होटलों में शरण लेने को विवश हैं। यातायात सेवाएं बाधित होने से हवाई सेवा ही वापस लौटने का विकल्प है। ये जानकारी जम्मू-कश्मीर घूमने गए बरेली के आंवला पक्का कटरा निवासी जीएसटी अफसर नितेश खंडेलवाल और सचिन गुप्ता ने दी। जो मंगलवार को घटना के बाद से श्रीनगर के एक होटल में परिवार समेत ठहरे हैं। बताया कि वह 17 अप्रैल को बरेली से जम्मू-कश्मीर के लिए रवाना हुए।
दोनों परिवार वैष्णो माता के दर्शन कर जम्मू से कार द्वारा श्रीनगर पहुंचे। मंगलवार को डल झील की सैर के दौरान पहलगाम में आतंकी हमले की सूचना मिली। पहले एक व्यक्ति की हत्या का जिक्र था, पर धीरे-धीरे संख्या 20-25 से जब ज्यादा पहुंची तो सभी पर्यटक घबरा गए। दहशत बढ़ने लगी।
यह भी पढ़ें- Pahalgam Attack: बरेली में 34 पाकिस्तानी नागरिक... मायके आई शहनाज को 48 घंटे में वापस जाना होगा पाकिस्तान
उन्होंने बताया कि सेना के जवान पर्यटकों को सुरक्षित स्थान जाने के लिए कह रहे थे। यातायात सेवा बाधित हो गई और जगह-जगह कैंडल मार्च निकाले जाने लगे। जिस ट्रेवल एजेंसी से बुकिंग थी, उनसे संपर्क किया। उन्होंने तमाम प्रयास के बाद होटल में ठहरने की व्यवस्था कराई।
23 अप्रैल की वापसी का टिकट निरस्त करना पड़ा
सचिन गुप्ता के मुताबिक बुधवार को पहलगाम घूमकर बरेली की वापसी थी। पर पहलगाम मार्ग पर भूस्खलन और दूसरी ओर आतंकी हमले से परिवहन सेवा बंद हो गई। 23 अप्रैल की वापसी का टिकट निरस्त कराकर आपाधापी में 25 अप्रैल का फ्लाइट का टिकट लेना पड़ा। दो परिवार के आठ लोग हैं। प्रत्येक का किराया 20 हजार रुपये पड़ा। होटल का किराया भी 15 हजार है। जो सामान्य दिनों के सापेक्ष दो से तीन गुना है।
ट्रेवल एजेंसी संचालक सुधा अग्रवाल के मुताबिक आतंकी हमले की जानकारी पर जो बुकिंग थी, उसे निरस्त कराने के लिए बुधवार को लोगों के फोन आते रहे। कहा कि जो बुकिंग के लिए कॉल आ रही हैं, उन्हें भी फिलहाल जम्मू-कश्मीर जाने से मना कर रही हैं। ट्रेवल एजेंसी संचालक साकेत अग्रवाल के पास अगले तीन दिन की सभी बुकिंग निरस्त हो गई हैं। जिन्हें अगले माह जाना है, वे हालात सुधरने का इंतजार कर रहे हैं।
तिथि आगे बढ़ाने अन्य पर्यटन स्थल का मांग रहे पैकेज
ट्रेवल एजेंट राकेश कालरा के मुताबिक आतंकी हमले के बाद जिन लोगों ने बुकिंग कराई थी, उनमें से कई लोग यात्रा की तिथि अगले माह शिफ्ट करने या फिर इसी पैकेज में अन्य पर्यटक स्थल की भ्रमण कराने की मांग कर रहे हैं। लिहाजा, उनकी मांग के अनुसार पैकेज मुहैया कराने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही, जम्मू-कश्मीर के ट्रेवल एजेंटों के भी संपर्क में हैं। ताकि वहां की परिस्थिति के बारे में पता चल सके।