UP News: बरेली जंक्शन के पार्किंग एरिया से तीन साल की बच्ची का अपहरण, 14 घंटे में खुलासा, आरोपी गिरफ्तार
बरेली में तीन साल की बच्ची के अपहरण का मामला सामने आया है। जंक्शन के पार्किंग एरिया से मासूम बच्ची का अपहरण कर लिया गया। बच्ची की मां ने रिपोर्ट दर्ज कराई। इसके बाद हरकत में आई जीआरपी ने 14 घंटे में बच्ची को सुरक्षित बरामद कर लिया। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
विस्तार
बरेली जंक्शन के पार्किंग एरिया से रविवार रात तीन साल की बच्ची का अपहरण कर लिया गया। बच्ची की मां सुभाषनगर क्षेत्र की गली नंबर 10 निवासी बिट्टो देवी की सूचना पर जीआरपी हरकत में आई। 14 घंटे में ही बच्ची को तलाश लिया और पीलीभीत निवासी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। बच्ची को उसकी मां के सुपुर्द किया गया है।
इंस्पेक्टर जीआरपी एसके वर्मा ने बताया कि सुभाषनगर की गली नंबर 10 निवासी शिवम कश्यप दो साल से जेल में है। उसकी पत्नी बिट्टो तीन बच्चों के साथ जंक्शन के बाहर रहती है। रविवार रात 10 बजे उसने अपनी तीन साल की बेटी के लापता होने की सूचना दी। अपहरण की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जंक्शन के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। रात में ही संयुक्त टीम जुट गई। सोमवार दोपहर 12 बजे इज्जतनगर स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर दो से पीलीभीत के बरखेड़ा थाना क्षेत्र के गांव पतरसिया निवासी धर्मपाल को गिरफ्तार कर लिया गया।
नशे की हालत में था आरोपी
उसके पास से अगवा बच्ची भी मिली। वह कुछ बोल नहीं पा रही थी। आरोपी नशे की हालत में था। पूछताछ में वह भी संतोषजनक जवाब नहीं दे रहा है। सोमवार को उसे न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया। वहां से जेल भेज दिया गया। उसका आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है। पूछताछ के लिए आरोपी को रिमांड पर लिया जाएगा।