बरेली: पंचर बनाने वाले से निकाह, फिर पत्नी ने बेटी को किया अगवा, पहले पति ने दर्ज कराई रिपोर्ट
बरेली के बिथरी चैनपुर क्षेत्र में एक महिला पर अपनी ही बेटी को अगवा करने का आरोप लगा है। पति ने पत्नी और उसके प्रेमी समेत तीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
विस्तार
बरेली के बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र के तैय्यवपुर निवासी उमेश पटेल ने अपनी पत्नी इरम मिर्जा, उसके प्रेमी गुड्डू और गुड्डू की भतीजी महक पर घर में घुसकर चार साल की बेटी के अपहरण का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है।
उमेश ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी 28 जुलाई 2020 को बारादरी थाना क्षेत्र के एजाजनगर गौटिया निवासी इमर मिर्जा से हुई थी। इरम की मां ने उसे बहला-फुसलाकर शादी कराई थी। शादी के दो साल बाद इरम ने अपने आधार कार्ड में पति के स्थान पर उसका नाम जुड़वा लिया। उसके साथ हिंदू परिवार की महिला की तरह रहती थी।
दो साल पहले पत्नी ने छोड़ा
उमेश ने बताया कि इस दौरान इरम ने बेटी को जन्म दिया। दो साल पहले इरम उसे छोड़कर चली गई। बेटी उसके पास ही रह रही थी। बाद में उसे पता लगा कि इरम ने पदारथपुर गांव में मस्जिद के पास पंचर की दुकान चलाने वाले गुड्डू से दूसरी शादी कर ली है।
इरम, गुड्डू और गुड्डू की भजीती महक 12 सितंबर को उसके घर आए और जबरदस्ती उसकी बेटी को अगवा कर ले गए। अब तक वह रिपोर्ट दर्ज कराने इस वजह से नहीं आया क्योंकि इरम लगातार उसे मोबाइल पर कॉल करके बेटी को 10-12 दिन में वापस करने का भरोसा दे रही थी। सीओ आशुतोष शिवम का कहना है कि जांच की जा रही है।
