यूपी: पाकिस्तानी शहजाद भट्टी गैंग पुलिस को निशाना बनाकर फैलाता है दहशत, बरेली का सुखराज ऐसे आया संपर्क में
बरेली में अवैध हथियार तस्करी के आरोप में पकड़े गए सुखराज के तार पाकिस्तानी शहजाद भट्टी गैंग से जुड़े हैं। पुलिस के मुताबिक, सुखराज इंस्टाग्राम के जरिए इस गैंग के संपर्क में आया था। गैंग ने हथियार उपलब्ध कराने की बात कही थी। पुलिस इस मामले में आरोपियों का नेटवर्क तलाशने में जुटी है।
विस्तार
पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से जुड़े शहजाद भट्टी और अजमल गुर्जर जैसे मॉड्यूल भारतीय युवाओं को अत्याधुनिक हथियार देकर पंजाब और उत्तर प्रदेश में दहशत फैलाने का काम कर रहे हैं। ये मॉड्यूल पुलिसकर्मियों पर हमले और उनकी हत्या जैसी घटनाओं में शामिल हैं। खालिस्तान मूवमेंट को फिर से हवा देने के लिए सिख युवकों का सहारा लिया जा रहा है।
उत्तर प्रदेश के संपन्न सिख काश्तकारों के बच्चों के साथ-साथ मुस्लिम और अनुसूचित वर्ग के युवाओं को भी हथियारों की चकाचौंध से प्रभावित किया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, बरेली पुलिस ने जिस गिरोह का खुलासा किया है, उनमें शामिल युवाओं को भी ऐसी गतिविधियों में फंसाने की योजना थी। पुलिस ने बीते दिनों सुखराज समेत चार युवकों को गिरफ्तार कर हथियार तस्करी का खुलासा किया था। अब सुखराज के दो साथियों गुरुसेवक और अनस की तलाश है।
गृह मंत्रालय ने शहजाद के संगठन एसबीए को प्रतिबंधित कर दिया है। शहजाद भट्टी पाकिस्तान का कुख्यात गैंगस्टर है, जो अब आईएसआई के इशारे पर भारत में स्लीपिंग सेल का नेटवर्क तैयार कर रहा है। वह ड्रोन के जरिये सीमा पार से हथियारों की तस्करी कर युवाओं तक पहुंचता है और पुलिस पर हमले कराता है। शहजाद पहले जालंधर, अंबाला और सिरसा में हमले करा चुका है।
सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को बरगला रहा था
सिरसा में महिला थाने के बाहर भी ग्रेनेड से हमला कराया था। अंबाला के बलदेव नगर पुलिस स्टेशन के बाहर भी शहजाद ने कार ब्लास्ट कराया था। इस मामले में एनआईए शहजाद के खिलाफ चार्जशीट लगा चुकी है। शहजाद सोशल मीडिया के जरिये रामपुर, बरेली और पीलीभीत के सिख युवाओं को खालिस्तान के नाम पर बरगला रहा था।
शहजाद के गुर्गे अजमल गुर्जर ने इंस्टाग्राम के जरिये बहेड़ी निवासी सुखराज से हथियार उपलब्ध कराने की बात की थी। अंदेशा है कि इन हथियारों से पुलिस और थानों को निशाना बनाकर दहशत फैलाने की साजिश थी। शहजाद पहले पुलिस और थानों को निशाना बना चुका है। इस कारण गृह मंत्रालय ने उसके संगठन एसबीए को प्रतिबंधित कर दिया है।
कॉकरोच जनता पार्टी को समर्थन के बहाने युवाओं को बहकाने की साजिश
शहजाद भट्टी पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी की मदद से सोशल मीडिया के जरिये कट्टरपंथ फैलाने का काम कर रहा है। गृहमंत्री शहजाद और उसके संगठन को लेकर ट्वीट कर चुके हैं। इसके बाद शहजाद ने कॉकरोच जनता पार्टी का समर्थन करने व जेल भेजे गए युवकों की जमानत कराने का भी ऐलान किया था। शहजाद ने साफ कहा था कि यदि किसी को जरूरत हो तो मेसेज कर लो, मैं पूरा साथ दूंगा। शहजाद अपनी कार में आधुनिक हथियार लेकर चलता है। इस तरह के वीडियो व रील डालकर वह भारतीय युवाओं को नेटवर्क में शामिल करने के लिए बरगला रहा है।
सोशल मीडिया पर अपने कई वीडियो में वह भारतीय पंजाबी गानों का प्रयोग करता है जिससे स्थानीय युवाओं को आकर्षित कर सके। सरकार और सुरक्षा एजेंसियों ने शहजाद के कई सोशल मीडिया अकाउंट भारत में ब्लॉक किए हैं लेकिन वह लगातार नए अकाउंट बना लेता है। शहजाद के इन अकाउंट से बड़े पैमाने पर भारतीय युवा जुड़े हैं। शहजाद भट्टी धमकी भरे और भड़काऊ वीडियो पोस्ट करता रहा है। वह कई राज्यों के सीएम को भी धमकी दे चुका है। लॉरेंस विश्नोई को भी उसने जान से मारने की धमकी दी थी।
सूत्र बताते हैं कि लॉरेंस विश्नोई से शहजाद की दोस्ती थी लेकिन पहलगाम हमले के बाद दोनों के बीच ठन गई है। लॉरेंस के साथ शहजाद का वीडियो कॉल वाला वीडियो भी वायरल हुआ था। हालांकि अमर उजाला इस वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है। अजमल और उसका आका शहजाद इंस्टाग्राम, फेसबुक व अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिये भारतीय युवाओं को ड्रग्स, रुपये और आधुनिक हथियार देने का झांसा देकर अपने नेटवर्क से जोड़ रहे हैं।
रामपुर में सीआरपीएफ कैंप, पीलीभीत से नेपाल बॉर्डर के सटे होने व बरेली में वायुसेना का बेस होने के कारण शहजाद के टारगेट पर इन शहरों के लड़के हैं। अजमल और शहजाद पंजाब में थानों में भी हमले करा चुके हैं। ऐसे में तीनों जिलों की पुलिस भी इनके टारगेट पर हो सकती है।
नेटवर्क और संपर्क में आए युवाओं की तलाश : आर्य
शहजाद भट्टी व उसके हैंडलर अजमल गुर्जर का स्थानीय स्तर पर कितना नेटवर्क है, हथियारों के शौकीन और कौन लड़के इनके संपर्क में रहे, इसकी पुलिस व अन्य एजेंसियां जांच कर रही हैं। अपराधियों के साथ कोई नरमी नहीं बरती जाएगी लेकिन युवाओं को इनके जाल से निकालना और हकीकत से रूबरू कराने का काम भी पुलिस करेगी। फिलहाल सुखराज के दो साथियों गुरुसेवक और अनस की गिरफ्तारी प्राथमिकता में है।- अनुराग आर्य, एसएसपी
