Railway News: बरेली-दिल्ली पैसेंजर एक माह के लिए निरस्त, इन ट्रेनों का संचालन भी रहेगा प्रभावित
बरेली जंक्शन पर पुरानी वॉशिंग लाइन की मरम्मत के कारण पांच जुलाई से तीन अगस्त तक ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा। इस दौरान बरेली-दिल्ली पैसेंजर, इंदौर एक्सप्रेस और लोकमान्य-तिलक एक्सप्रेस निरस्त रहेंगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली जंक्शन की पुरानी वाशिंग लाइन की मरम्मत के चलते जुलाई से अगस्त तक ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा। बोर्ड से मंजूरी मिलने के बाद पांच जुलाई से तीन अगस्त तक वाशिंग लाइन पर निर्माण कार्य होगा। इस अवधि में बरेली से चलने वाली दिल्ली पैसेंजर, इंदौर एक्सप्रेस और लोकमान्य-तिलक एक्सप्रेस निरस्त रहेंगी।
रेल अधिकारियों के अनुसार, मुरादाबाद-लखनऊ रेलखंड पर ट्रेनों की गति और संचालन क्षमता बढ़ाने के लिए इंजीनियरिंग और विद्युत समेत अन्य विभागों की ओर से बरेली यार्ड की पुरानी वाशिंग लाइन संख्या 36 और 37 का आधुनिकीकरण किया जाएगा। यहां नई पिट लाइन समेत अन्य सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
ये ट्रेनें रहेंगी निरस्त
इसके चलते बरेली-दिल्ली-बरेली पैसेंजर पांच जुलाई से तीन अगस्त तक निरस्त रहेगी। बरेली-लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस 11, 18, 25 जुलाई और एक अगस्त को और लोकमान्य तिलक-बरेली एक्सप्रेस 13, 20, 27 जुलाई और तीन अगस्त को नहीं चलेगी। बरेली-इंदौर एक्सप्रेस 15, 22 और 29 जुलाई को और इंदौर-बरेली एक्सप्रेस 16, 23 और 30 जुलाई को निरस्त रहेगी।
बरेली जंक्शन के स्टेशन अधीक्षक भानु प्रताप ने बताया कि रेलवे बोर्ड से वाशिंग लाइन के मरम्मत कार्य को स्वीकृति मिल चुकी है। निर्धारित अवधि में कार्य पूरा होने के बाद ट्रेनों के रखरखाव की व्यवस्था और अधिक आधुनिक होगी। इस बीच कुछ ट्रेनें निरस्त रहेंगी।
कई ट्रेनें घंटों लेट, 112 यात्रियों ने रद्द कराए टिकट
अलग-अलग रेलखंडों में चल रहे ट्रैक अपग्रेडिंग कार्य के चलते ट्रेनों का संचालन प्रभावित हो रहा है। शुक्रवार को बठिंडा स्पेशल 4:20 घंटे, योगनगरी एक्सप्रेस 1:15 घंटे, राजधानी व गरीबरथ एक्सप्रेस एक-एक घंटे, मऊ स्पेशल पांच घंटे, अमृतसर स्पेशल 3:20 घंटे, चंडीगढ़ स्पेशल एक घंटा, वाराणसी स्पेशल दो घंटे और अवध असम एक्सप्रेस एक घंटे की देरी से बरेली आईं। इससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। ट्रेनों की लेटलतीफी के कारण शाम तक 112 यात्रियों ने अपने टिकट भी निरस्त करा दिए।