Railway News: बरेली-रुड़की और हरिद्वार-लखनऊ के बीच चलेंगी तीन जोड़ी विशेष ट्रेनें, समय सारिणी जारी
रुड़की के पिरान कलियर मेला और रक्षाबंधन के मद्देनजर रेलवे तीन जोड़ी विशेष ट्रेनों का संचालन करेगा। इन ट्रेनों की समय सारिणी जारी कर दी गई है। इन ट्रेनों के संचालन से यात्रियों को सहूलियत मिलने की उम्मीद है।
विस्तार
उत्तराखंड के रुड़की में लगने वाले पिरान कलियर मेला और रक्षाबंधन के मद्देनजर रेलवे तीन जोड़ी विशेष ट्रेनों का संचालन करेगा। दो जोड़ी गाड़ियां बरेली-रुड़की और एक जोड़ी हरिद्वार-लखनऊ के बीच चलाई जाएगी। शनिवार को रेलवे ने गाड़ियों की समय सारिणी जारी कर दी।
मुरादाबाद मंडल के सीनियर डीसीएम महेश यादव ने बताया कि 13 से 31 अगस्त तक 04321 बरेली-रुड़की विशेष ट्रेन बरेली से सुबह 7:20 बजे चलने के बाद रामपुर, मुरादाबाद, कांठ, स्योहारा, धामपुर, नगीना, नजीबाबाद, मौज्जमपुर नारायण, चंदोक, लक्सर होते हुए शाम दोपहर दो बजे रुड़की पहुंचेगी।
04322 रुड़की-बरेली विशेष ट्रेन रुड़की से दोपहर 2:30 बजे चलने के बाद रात 11 बजे बरेली आएगी। 04319 बरेली-रुड़की विशेष ट्रेन सुबह 10:40 बजे बरेली से चलने के बाद शाम 5:15 बजे रुड़की पहुंचेगी। 04320 रुड़की-बरेली विशेष ट्रेन रुड़की से शाम 6:20 बजे चलने के बाद रात 1:20 बजे बरेली आएगी।
रक्षाबंधन विशेष ट्रेन
हरिद्वार-देहरादून के बीच 27 से 29 अगस्त तक रक्षाबंधन विशेष ट्रेन चलाई जाएगी। 04330 हरिद्वार-लखनऊ रक्षाबंधन विशेष ट्रेन हरिद्वार से अपराह्न 3:10 बजे चलने के बाद रात आठ बजे बरेली आएगी और रात 12:10 बजे लखनऊ पहुंचेगी। 04319 लखनऊ-हरिद्वार रक्षाबंधन विशेष ट्रेन लखनऊ से रात 1:15 बजे चलने के बाद अगले दिन तड़के 5:36 बजे बरेली आएगी और 11:55 बजे हरिद्वार पहुंचेगी।
मऊ-बरेली के बीच परीक्षा विशेष ट्रेन, समय सारिणी घोषित
रेलवे भर्ती बोर्ड की ओर से आयोजित होने वाली लेवल-वन (ग्रुप-डी) की कम्प्यूटर आधारित परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए रेलवे बरेली-मऊ के बीच परीक्षा विशेष ट्रेन का संचालन करेगा।
पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार ने बताया कि 05185-86 मऊ-बरेली अनारक्षित परीक्षा विशेष गाड़ी का संचालन दो से 24 और तीन से 26 अगस्त तक दोनों ओर से 16-16 फेरों के लिए किया जाएगा।
05185 मऊ-बरेली परीक्षा विशेष ट्रेन मऊ से सुबह 11:45 बजे चलने के बाद सीतापुर, मैलानी, पूरनपुर होते हुए अगले दिन सुबह 6:10 बजे बरेली आएगी। 05186 बरेली–मऊ परीक्षा विशेष ट्रेन बरेली से अपराह्न 3:25 बजे चलने के बाद अगले दिन सुबह 8:20 बजे मऊ पहुंचेगी।
हरिद्वार–मोतीचूर रेलखंड पर ओएचई लाइन क्षतिग्रस्त होने से वंदे भारत एक्सप्रेस समेत 12 ट्रेनें प्रभावित हुईं। मुरादाबाद मंडल के सीनियर डीसीएम महेश यादव ने बताया कि दोपहर 2:35 बजे ओएचई क्षतिग्रस्त होने के कारण गाड़ियों को नियंत्रित किया गया।
अपराह्न 4:27 बजे लाइन को फिट घोषित कर गाड़ियों का संचालन सामान्य किया गया। इस दौरान गाड़ी संख्या 19032, 22546 वंदे भारत एक्सप्रेस, 12018, 15005, 14114, 54463, 12091, 15002, 14815, 13037, 14717 और 12053 बिलंब का शिकार हुईं।