UP News: बरेली में दिवाली पर सड़क हादसों ने छीनीं खुशियां, मासूम बच्चे समेत चार की मौत, 18 लोग घायल
बरेली में दिवाली के दिन अलग-अलग जगहों पर सड़क हादसों ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। सड़क हादसों में एक साल के बच्चे समेत चार की मौत हो गई। 18 लोग घायल हुए हैं। इनमें कई घायलों की हालत गंभीर बताई गई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली के शीशगढ़ थाना क्षेत्र में सोमवार को गांव बीसलपुर के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली को ओवरटेक करने के प्रयास में दो बाइक आमने-सामने से भिड़ गईं। हादसे में बाइक पर बैठे सोनू निवासी ढकिया डाम के एक वर्षीय पुत्र सार्थक की मौत हो गई। उसके ऊपर से ट्रॉली का पहिया गुजर गया था। जबकि सोनू, बाइक चला रहा मुकेश निवासी गांव पदमी, सूरज पाल निवासी गुलड़िया घायल हो गए।
त्योहार पर मचा कोहराम
दूसरी बाइक सवार वीरपाल, उनकी पत्नी राजकुमारी और दो बच्चे घायल हो गए। वीरपाल पत्नी और बच्चों को लेकर बाइक से दिवाली पर शीशगढ़ से अपने घर मदनापुर जा रहे थे। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। घायल मुकेश की हालत गंभीर बताई गई है। उधर, त्योहार पर मासूम सार्थक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। उसकी मां रो-रोकर बेसुध हो गई।
मीरगंज: पेड़ से टकराई कार, चार युवक घायल
मीरगंज क्षेत्र में सोमवार को दोपहर करीब ढाई बजे धनेटा-शीशगढ़ मार्ग पर ट्रक को बचाने के प्रयास में कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई, जिससे चार लोग घायल हो गए। जानकारी के अनुसार दुनका से कार सवार चार युवक शीशगढ़ जा रहे थे। जैसे ही कार धनेटा शीशगढ़ मार्ग पर गांव बसई से आगे पहुंची, तभी सामने से आ रहे ट्रक को बचाने के प्रयास में कार पेड़ से जा टकराई।
हादसे में कार सवार मोहम्मद कैफ, अरमान, मुकीम और इस्लाम घायल हो गए। राहगीरों ने सभी घायलों को कार से बाहर निकाला। परिजनों ने घायलों को शहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। मोहम्मद कैफ और अरमान की हालत गंभीर बताई गईहै। बताया गया कि इस्लाम कार चला रहा था। सभी गांव दुनका थाना शाही के निवासी हैं।
नवाबगंज: कार की टक्कर से वृद्धा की मौत
नवाबगंज के मुख्य मार्ग पर तहसील गेट के पास तेज रफ्तार कार ने वृद्धा सईदन (उम्र 70 वर्ष) को रौंद दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। हादसा सोमवार शाम करीब सात बजे हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम को भेजा। हादसे से सईदन के परिवार में कोहराम मच गया। उधर, क्योलड़िया थाना क्षेत्र के गांव पहना में काजल नाम की युवती अपनी मां के साथ बाजार से घर लौट रही थी। बाइक की टक्कर से उसकी मौत हो गई।
नवाबगंज क्षेत्र में ही बरेली-पीलीभीत हाईवे पर गरगइया गांव के पास पेट्रोल पंप के सामने दूसरा हादसा हुआ। यहां दो बाइकों की टक्कर होने से कोटेदार और मां-बेटा घायल हो गए। हादसे में रसूला गांव के कोटेदार चंद्रपाल, खंजनपुर गांव के कपिल, उनकी मां पूरन देवी घायल हुई हैं। घायलों को नगर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
डिवाइडर से टकराई कार, युवक की मौत, चार घायल
फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र में सोमवार रात हाईवे पर टोल से पहले अनियंत्रित कार डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में कार सवार पांच युवक घायल हो गए। पुलिस ने लोगों की मदद से उन्हें एंबुलेंस से बरेली के निजी अस्पताल भिजवाया। उपचार के दौरान युवक अरुण की मौत हो गई। जबकि कुनाल, अजय, विजय, रवि की हालत गंभीर है। ये सभी युवक फतेहगंज पश्चिमी कस्बा के रहने वाले हैं।