बरेली में भीषण सड़क हादसा: ट्रैक्टर की टक्कर से टेंपो सवार मां-बेटी समेत तीन की मौत, परिवार के छह लोग घायल
Road Accident in Bareilly: बरेली-नैनीताल हाईवे पर सोमवार को दर्दनाक हादसा हो गया। गलत दिशा से आ रहे ट्रैक्टर की टक्कर से तीन लोगों की मौत हो गई। जबकि एक ही परिवार के छह लोग घायल हो गए। ये सभी लोग उर्स में शामिल होने जा रहे थे।
विस्तार
देवरनियां के कस्बा मुडिया जागीर में बैहरमशाह बाबा का उर्स का सोमवार को कुलशरीफ के साथ समापन था। थाना सीबीगंज के गांव तिलियापुर के रहने वाले हाजी रफीक अपने परिवार के साथ कुलशरीफ में शामिल होने जा रहे थे। इसके लिए सीबीगंज के ही रहने वाले खादिम का टेंपो बुक किया था।
गलत दिशा से आ रहा था ट्रैक्टर
थाना देवरनियां क्षेत्र में बरेली-नैनीताल हाईवे पर सेमीखेड़ा के पास गलत दिशा से आ रहे ट्रैक्टर की सामने से आते टेंपो की टक्कर हो गई। हादसे में हाजी रफीक की पत्नी वानो ( 65), टेंपो चालक खादिम की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि हाजी रफीक की पुत्री अंगुरी (25) ने बरेली अस्पताल में दम तोड़ दिया।ये भी पढ़ें- UP: पूजा को बहुत प्यार करता था, लव मैरिज भी की, सालभर पहले उसका मुन्ना से अफेयर हो गया, इसलिए मारा; प्रेमी...
हादसे में हाजी रफीक का पुत्र भूरा कुरैशी, उसकी पत्नी खूशबू, दो पुत्र और इमराना गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक ट्रैक्टर छोड़कर भाग गया। टक्कर इतनी जबरदस्त की थी कि टेंपो के परखच्चे उड़ गये। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया। घायलों को बरेली के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एक्सीडेंट जोन बन गया है सेमीखेड़ा
हादसा बरेली-नैनीताल हाईवे पर सेमीखेड़ा रेलवे फाटक के पास हुआ। इस जगह पर कई हादसे हो चुके हैं। दो दिन पूर्व ही एक अज्ञात वाहन से बाइक सवार की मौत हुई थी। मगर पुलिस पिकट यहां नहीं लगती और न ही गलत दिशा पर चलने वालों पर शिकंजा कसा जाता है।
ये भी पढ़ें- बूढ़ी मुर्गियों का बनेगा अचार: मशीन में विकसित होंगे चूजे, CARI के वैज्ञानिकों ने विकसित की तकनीक
हाजी रफीक कुरैशी की नगर पंचायत देवरनियां के कस्बा मुंडिया जागीर में रिश्तेदारी है। उनका पुरा परिवार टेंपो बुक कर कुलशरीफ में शामिल होने आ रहा था। कुलशरीफ में पहुंचने से पहले ही यह हादसा हो गया और उनकी वहां पहुंचने की हसरत अधुरी रह गई। हादसे पर नगर पंचायत देवरनियां के चेयरमैन मोहम्मद कलीम अंसारी ने दुख जताया।