Bareilly : सामूहिक दुष्कर्म की शिकायत लेकर पहुंची युवती को थाने से भगाया; पीड़िता ने पुलिस पर लगाए ये आरोप
सामूहिक दुष्कर्म और अश्लील वीडियो वायरल करने की शिकायत लेकर थाने पहुंची युवती को पुलिस ने थाने से भगा दिया। पीड़िता के पिता ने इंस्पेक्टर पर आरोपियों से रुपये लेने का आरोप भी लगाया है।
विस्तार
एक ओर सरकार महिला संबंधी अपराधों के लिए बड़े-बड़े दावे कर रही है दूसरी ओर पुलिस की कार्यप्रणाली में कोई बदलाव नहीं आया है। बरेली में ऐसा ही एक मामला देवरनियां थाने में सामने आया है। सामूहिक दुष्कर्म और अश्लील वीडियो वायरल करने की शिकायत लेकर थाने पहुंची पीड़ित युवती को पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज किए बिना ही थाने से भगा दिया। पीड़िता के पिता ने इंस्पेक्टर पर आरोपियों से रुपये लेने का आरोप भी लगाया है।
ये भी पढ़ें- हनी ट्रैप मामला: न्यूड वीडियो कॉल कर ढाई करोड़ रुपये वसूले, अब कानून के शिकंजे में फंसी महिला
पीड़िता ने बताया कि गांव के रहने वाले एक युवक ने एडिट कर अश्लील फोटो बना लिए। फोटो वायरल करने की धमकी देकर उसने संबंध बनाने का दबाव बनाया। मना करने पर नौ जून को वह अपने दो साथियों के साथ घर में घुस आया। चाकू दिखाकर उसके साथ आरोपियों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। अश्लील वीडियो भी बना ली। शिकायत करने पर वीडियो वायरल करने की धमकी दी।
पुलिस पर लगाए ये आरोप
आरोप है कि इसकी शिकायत लेकर जब वह देवरनियां थाने पहुंची तो वहां बैठे इंस्पेक्टर इंद्र कुमार ने उसके साथ अभद्रता कर वापस भेज दिया। बुधवार को फिर से वह थाने पहुंची। आरोप है कि इंस्पेक्टर ने आरोपियों से समझौता करने का दबाव बनाया। मना करने पर धक्के देकर थाने से बाहर कर दिया। पीड़िता के पिता ने बताया कि आरोपियों से इंस्पेक्टर ने रुपये ले लिए हैं। इसी वजह से वह कार्रवाई नहीं कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें- महिला सिपाही का शोषण: पुलिसकर्मी पति ने छोड़ा साथ, सीओ पद से रिटायर ससुर ने कर डाली शर्मनाक करतूत
इस मामले में जब इंस्पेक्टर इंद्र कुमार से बात की गई तो उन्होंने आरोपों को झूठा बताया। वहीं सीओ बहेड़ी डॉ. तेजवीर सिंह ने कहा कि मामला संज्ञान में नहीं है। अगर किसी पीड़िता को थाने से भगाया गया है तो यह गंभीर है। इंस्पेक्टर पर लगे आरोपों की जांच कराई जाएगी।