बरेली में इस वजह से हुआ बवाल: साढ़े आठ मिनट का वीडियो आया सामने; अब तक दो आरोपी गिरफ्तार
बरेली के जोगी नवादा में कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा में तैनात सिपाही ने वीडियो बनाया था। इस वीडियो में काफी हद तक बवाल की वजह स्पष्ट हो रही है। वीडियो और सीसीटीवी फुटेज की जांच में यह भी सामने आया है कि खुराफात को अंजाम देने वाले गिनती के ही लोग हैं।
विस्तार
बरेली के जोगी नवादा में रविवार को कांवड़ यात्रा के दौरान हुए बवाल का 8:30 मिनट का वीडियो सामने आया है। यह वीडियो कांवड़ जुलूस की सुरक्षा में लगे सिपाही ने बनाया है। अधिकारियों ने पूरी यात्रा की वीडियोग्राफी करने के लिए पहले से ही सिपाहियों को सतर्क किया था। इस वीडियो से बवाल के शुरू होने की तस्वीर काफी हद तक साफ हो रही है।
वीडियो में साफ दिख रहा है कि किस तरह बवाल शुरू हुआ। शुरू में झांकी वाला वाहन इबादत स्थल के पास से मुड़ता हुआ दिखता है। इसके पीछे कई साउंड बॉक्स रखे हैं। साथ ही युवा पीछे से सुरमई रंग का गुलाल उड़ाते हुए चल रहे हैं। कोई पंखा चलने की स्थिति भी दिखाई दे रही है। इसी पंखे की वजह से मुड़ते हुए वाहन के पीछे से गुलाल इबादत स्थल की ओर जाता हुआ दिख रहा है। यह इबादत स्थल के सामने खड़े लोगों को नागवार गुजरता है।
ये भी पढ़ें- बरेली बवाल: पूर्व पार्षद उस्मान समेत दो आरोपी भेजे गए जेल, 13 नामजद और 150 अज्ञात पर रिपोर्ट दर्ज
इस दिशा से कोई आवाज देकर आगाह करता है कि इधर गुलाल न फेंके। फिर इबादत स्थल की ओर से एक-दो पत्थर आते हैं। देखते-देखते पत्थरों की संख्या बढ़ती है। फिर दोनों ओर से पथराव शुरू हो जाता है। पुलिस मौके पर मौजूद दिखती है। कभी एक तो कभी दूसरे पक्ष को समझाती है पर लोग बेकाबू हो जाते हैं।
फुटेज के आधार पर पुलिस कर रही कार्रवाई
इस वीडियो और अन्य सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद यह बात सामने आई कि रविवार को हुए बवाल में मुख्य तौर पर खुराफात को अंजाम देने वाले गिनती के ही लोग हैं। हालांकि अब सौ से ज्यादा लोगों पर मुकदमा दर्ज होने और नामजदगी बढ़ने के साथ सैकड़ों लोग प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष तरीके से इसका खामियाजा भुगतेंगे। फुटेज के आधार पर पुलिस नामजदगी व कार्रवाई कर रही है।
ये भी पढ़ें- प्रेमिका की ससुराल पहुंचा प्रेमी: खुद को बताया भाई, फिर जीजा को पिलाई शराब; आधी रात को आहट हुई तो खुली सच्चाई
एसपी सिटी राहुल भाटी ने बताया कि दो आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। बाकी लोगों की तलाश की जा रही है। वीडियो से भी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। संलिप्त मिले अन्य लोगों के नाम भी शामिल किए जाएंगे।
बवाल के मामले में 13 नामजद
कांवड़ यात्रा के दौरान बवाल कराने के आरोपी पूर्व पार्षद उस्मान अल्वी और उसके साथी साजिद को पुलिस ने सोमवार को जेल भेज दिया। पुलिस की पांच टीमें बवालियों की धरपकड़ में जुटी हैं। कई संदिग्ध पकड़े भी गए हैं। बवाल के मामले में पूर्व पार्षद उस्मान समेत 13 नामजद व करीब डेढ़ सौ अज्ञात लोगों पर रिपोर्ट कराई गई।